Shubman Gill records in Sri Lanka | Ind vs Sl 1st Test 2026: भारत और श्रीलंका के बीच दो मैचों की सीरीज का आगाज, 15 अगस्त शनिवार से होने जा रहा है. गॉल की स्पिन फ्रेंडली पिच पर टीम इंडिया के सामने घूमती गेंदों के साथ रिवर्स स्विंग भी एक बड़ी चुनौती होगी. वहीं 26 साल के कप्तान शुभमन गिल पहली बार श्रीलंका में रेड बॉल क्रिकेट खेलेंगे. बतौर कप्तान ये उनका पहला दौरा है. WTC के लिहाज से अहम इस सीरीज में गिल पर जीत की जिम्मेदारी होगी. साथ ही निशाने पर पांच बड़े रिकॉर्ड भी होने वाले हैं.
बतौर कप्तान किसी भारतीय का बेस्ट स्कोर
श्रीलंका में किसी भारतीय कप्तान का सबसे बड़ा टेस्ट स्कोर सचिन तेंदुलकर के नाम है. उन्होंने 1997 में कोलंबो टेस्ट में 143 रन बनाए थे. अब शुभमन गिल के पास इस रिकॉर्ड को तोड़ने का मौका है. अगर गिल 144 रन बना लेते हैं, तो वह सचिन से आगे निकल जाएंगे.
बतौर कप्तान सबसे तेज 1500 रन
शुभमन गिल ने 2025 में टेस्ट कप्तानी संभाली थी. अब तक वह 9 मैचों की 15 पारियों में 1076 रन बना चुके हैं. उनके नाम 6 शतक और 1 अर्धशतक है. 1500 रन से वह 424 रन दूर हैं. फिलहाल यह रिकॉर्ड सुनील गावस्कर के नाम है, जिन्होंने 21 पारियों में 1500 रन बनाए थे.
WTC में 3000 रन बनाने का मौका
वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप में अब तक कोई भारतीय बल्लेबाज 3000 रन नहीं बना पाया है. शुभमन गिल इस रिकॉर्ड के बेहद करीब हैं. उन्होंने 40 मैचों की 73 पारियों में 2843 रन बनाए हैं, जिसमें 10 शतक और 8 अर्धशतक शामिल हैं. 3000 रन पूरे करने के लिए उन्हें सिर्फ 157 रन चाहिए.
1000 रन बनाने वाले पहले भारतीय कप्तान
शुभमन गिल के पास एक WTC चक्र में 1000 रन बनाने वाले पहले भारतीय कप्तान बनने का मौका है. 2025-27 चक्र में वह 8 मैचों में 950 रन बना चुके हैं. इसमें 5 शतक और 1 अर्धशतक शामिल है. विराट कोहली ने 2019-21 चक्र में 900 से ज्यादा रन बनाए थे.
श्रीलंका में तीन टेस्ट शतक लगाने वाले पहले भारतीय कप्तान
शुभमन गिल के पास श्रीलंका में बतौर कप्तान तीन टेस्ट शतक लगाने का मौका है. सचिन तेंदुलकर और विराट कोहली ने कप्तान रहते श्रीलंका में दो-दो शतक लगाए हैं. सचिन ने 1997 में, जबकि विराट ने 2015 और 2017 में शतक जड़े थे. गिल इस रिकॉर्ड को तोड़ सकते हैं.