बिहार के औरंगाबाद में ओबरा थाना क्षेत्र में पुलिस द्वारा चलाए जा रहे मद्य निषेध अभियान के तहत बड़ी सफलता प्राप्त हुई है. पुलिस ने एक मिनी अवैध शराब फैक्ट्री का उद्भेदन करते हुए भारी मात्रा में शराब एवं शराब निर्माण में प्रयुक्त सामग्रियों को बरामद किया है. जिला पुलिस मुख्यालय से जारी प्रेस विज्ञप्ति के द्वारा जानकारी दी गई कि ओबरा थानाध्यक्ष को सूचना मिली की ग्राम कचहरी के पास स्थित पुआल में अवैध शराब का निर्माण कर बेचा जा रहा है.
छापेमारी में शराब बरामद
उक्त सूचना के सत्यापन एवं आवश्यक कार्रवाई हेतु पुलिस के द्वारा छापेमारी कर भारी मात्रा में अवैध शराब और शराब बनाने में प्रयुक्त होने वाली विभिन्न सहायक सामग्रियों को बरामद किया गया. इस संदर्भ में ओबरा थाने में बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद संशोधित अधिनियम के अंतर्गत कांड दर्ज कर आगे की कार्रवाई में पुलिस जुट गई है.
पैकिंग का सामान भी जब्त
छापेमारी में पुलिस ने 138 लीटर देसी शराब, 350 लीटर स्प्रिट, दो मोटरसाइकिल, शराब पैकिंग करने वाला दो लोहा का मशीन, 1500 पीस बोतल का ढक्कन, झारखंड उत्पाद लिखा हुआ 2000 पीस प्लास्टिक का पन्नी, 800 पीस रॉयल क्लासिक लेमन, वोदका एवं टनाका का स्टीकर, एक छोटा गैस सिलेंडर और एक खाली ड्रम बरामद किया है.
मिनी फैक्ट्री ध्वस्त
गौरतलब है कि ओबरा पुलिस ने एक दिन पूर्व भी शराब के अवैध निर्माण में लगे कारोबारियों के मंसूबों को नाकाम करते हुए अवैध शराब निर्माण में लगी मिनी फैक्ट्री को ध्वस्त कर भारी मात्रा में शराब और निर्माण सामग्री बरामद किया है. पुलिस की इस कार्रवाई से शराब निर्माण कारोबारियों में हड़कंप व्याप्त है.
ये भी पढ़ें:- पलट गई पिकअप, चकनाचूर हुई बाइक: सड़क हादसे ने छीन लीं 2 की सांसे, मौत का ऐसा मंजर देख दहल उठे लोग!