Bihar Crime: नवगछिया थाना क्षेत्र के पकरा स्थित रामधारी सिंह उच्च विद्यालय के मैदान के पीछे दोनियां टोला के पास उस समय सनसनी फैल गई, जब बांसबाड़ी के समीप एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई. मृतक की पहचान तेतरी दक्षिणबारी टोला निवासी किसान वरुण राय के 30 वर्षीय पुत्र राहुल राय के रूप में हुई है. घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल हो गया. सूचना मिलते ही नवगछिया पुलिस के वरीय अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू कर दी.
शाम 6 बजे घर से निकला था राहुल
परिजनों के अनुसार, राहुल शाम करीब छह बजे घर से निकला था. उसे तेतरी दुर्गा स्थान मंदिर के आसपास आखिरी बार देखा गया था. इसके बाद वह किसी दूसरे व्यक्ति की मोटरसाइकिल से पकरा के मैदान के पीछे दोनियां टोला स्थित बांसबाड़ी की ओर पहुंचा था.वह वहां किसके साथ गया था और किस उद्देश्य से गया था, इसकी जानकारी अभी सामने नहीं आई है. प्रथमदृष्टया पुलिस को आशंका है कि राहुल को वहां बुलाकर या ले जाकर निशाना बनाया गया. स्थानीय लोगों के अनुसार, अपराधियों ने उसे दौड़ाकर गोली मारी. हालांकि, घटना का वास्तविक क्रम क्या था, यह पुलिस की वैज्ञानिक और तकनीकी जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा.
शरीर पर प्रथमदृष्टया एक गन शॉट
नवगछिया एसपी वैभव शर्मा ने बताया कि राहुल के शरीर पर प्रथमदृष्टया एक गन शॉट दिखाई दे रहा है. उन्होंने कहा कि शुरुआती जांच में गोली पीछे की ओर से प्रवेश करने की बात सामने आ रही है, लेकिन गोली कितनी लगी और शरीर के किस हिस्से से निकली, इसकी अंतिम पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट से होगी.घटनास्थल से एक कारतूस का खोखा बरामद किया गया है. पुलिस ने मौके से एक पल्सर मोटरसाइकिल भी बरामद की है. बाइक किसकी है, इसकी पहचान अभी नहीं हो सकी है. यही बाइक इस हत्याकांड की कड़ी खोलने में महत्वपूर्ण सुराग साबित हो सकती है.
FSL टीम ने जुटाए साक्ष्य
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने एफएसएल टीम को मौके पर बुलाया. टीम ने घटनास्थल की बारीकी से जांच की और साक्ष्य जुटाए. पुलिस आसपास के इलाके में मौजूद संभावित CCTV कैमरों के फुटेज भी खंगाल रही है.इसके साथ ही राहुल के मोबाइल नंबर का कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR), टावर लोकेशन और तकनीकी साक्ष्यों की जांच की जा रही है. पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि हत्या से पहले राहुल किन लोगों के संपर्क में था और घटना के समय उसकी लोकेशन क्या थी.
मौके पर पहुंचे पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी
घटना की सूचना मिलते ही नवगछिया एसपी वैभव शर्मा, एसडीपीओ अनिकेत अमर, थानाध्यक्ष रवि शंकर सिंह और पुलिस की तकनीकी टीम घटनास्थल पर पहुंची. अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ ही आसपास के लोगों से पूछताछ की.एसपी ने कहा कि जांच के दौरान पुलिस को कुछ महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं. इन सुरागों के आधार पर संदिग्धों की पहचान की जा रही है और जल्द ही संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जाएगी. जिन लोगों के नाम जांच में संदिग्ध के रूप में सामने आएंगे, उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी.
परिजनों ने हत्या को बताया साजिश
राहुल की हत्या की खबर मिलते ही उसके परिवार में कोहराम मच गया. पत्नी विभा देवी, मां-पिता और अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था. पत्नी कई बार बदहवास होकर गिर पड़ रही थी.परिजनों ने हत्या को साजिश बताया है. उनका आरोप है कि राहुल को योजनाबद्ध तरीके से बुलाकर हत्या की गई है. परिजनों ने गांव और घटनास्थल के आसपास के कुछ लोगों पर संदेह भी जताया है. हालांकि, पुलिस ने अभी किसी आरोप को पुष्ट नहीं किया है और मामले की जांच सभी संभावित कोणों से की जा रही है.
जेब से मिले हजारों रुपये
पुलिस द्वारा शव की तलाशी लिए जाने पर राहुल की जेब से हजारों रुपये बरामद होने की बात सामने आई है. ऐसे में पुलिस लूट या रुपये के लिए हत्या की आशंका से इतर अन्य कारणों की भी जांच कर रही है.घटनास्थल पर मिली पल्सर बाइक की पहचान और उसके मालिक तक पहुंचना जांच का अहम हिस्सा माना जा रहा है.
राहुल पर पहले से दर्ज थे 3-4 आपराधिक मामले
पुलिस के अनुसार, राहुल के खिलाफ पूर्व में तीन-चार आपराधिक मामले दर्ज रहे हैं. इनमें मारपीट, जानलेवा हमला और रंगदारी से जुड़े मामले शामिल बताए जा रहे हैं. अप्रैल 2021 में पुलिस ने उसे अवैध हथियारों के साथ गिरफ्तार भी किया था. फिलहाल वह पूर्व के मामलों में जमानत पर था.पुलिस अब राहुल के पुराने आपराधिक संपर्कों, उसके साथ उठने-बैठने वाले लोगों और पूर्व विवादों की भी पड़ताल कर रही है. एसपी के अनुसार, यह जांच का महत्वपूर्ण हिस्सा है, जिससे हत्या के पीछे की वजह और हत्यारों तक पहुंचने में मदद मिल सकती है.
हत्या की वजह और हत्यारों की तलाश जारी
एसपी वैभव शर्मा ने कहा कि पुलिस को जांच में कुछ सूत्र मिले हैं. इन सूत्रों के आधार पर आगे छापेमारी की जाएगी. संभावित संदिग्धों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी का प्रयास किया जा रहा है.पुलिस हत्या के कारण, घटनास्थल तक राहुल के पहुंचने और उसके साथ मौजूद लोगों की भूमिका की गहराई से जांच कर रही है. अब बड़ा सवाल यह है कि राहुल मंदिर से पकरा के बांसबाड़ी तक किसके साथ पहुंचा, वहां उसे किसने बुलाया और हत्या के बाद घटनास्थल पर बाइक छोड़कर हमलावर कहां फरार हुए.पुलिस की तकनीकी जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट इन सवालों के जवाब देने में अहम साबित होगी.