Pappu Yadav: बिहार की राजनीति में बयानबाजी का दौर हमेशा गर्म रहता है लेकिन इस बार पूर्णिया सांसद पप्पू यादव ने ऐसा बयान दे दिया है, जिसने सियासी चर्चा को और दिलचस्प बना दिया. पप्पू यादव ने एलान किया है कि वह 16 अगस्त को पटना के गर्दनीबाग में भूख हड़ताल पर बैठेंगेय वजह भी एक नहीं, बल्कि कई हैं. पहला छात्रों के मुद्दे, दूसरा BPSC, तीसरा बिहार में बढ़ते अपराध और चौथा शिक्षा व्यवस्था से जुड़े सवाल हैं.
पप्पू यादव 14 अगस्त को हाजीपुर में एक निजी कार्यक्रम में पहुंचे थे. इसी दौरान मीडिया से बातचीत में उन्होंने अपने अनशन का एलान कर दिया. पप्पू यादव का कहना है कि बिहार के छात्र और युवा कई समस्याओं को लेकर आंदोलन कर रहे हैं. वह इन आंदोलनों के समर्थन में अपनी आवाज बुलंद करना चाहते हैं. इसके अलावा राज्य में बढ़ते अपराध और लगातार सामने आ रही हत्या की घटनाओं को लेकर भी उन्होंने सरकार को घेरा है.
शिक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
BPSC से जुड़े मुद्दे भी उनके एजेंडे में हैं. शिक्षा व्यवस्था को लेकर भी वह सवाल उठा रहे हैं. खासतौर पर हिंदी और अंग्रेजी भाषा से जुड़े विषय पर उन्होंने अपनी नाराजगी जाहिर की है. उनका कहना है कि शिक्षा व्यवस्था में सुधार की जरूरत है और युवाओं की समस्याओं को गंभीरता से सुना जाना चाहिए.
पीएम के सपनों में आएंगे राहुल गांधी
पप्पू यादव ने अपने बयान में कांग्रेस नेता राहुल गांधी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का भी जिक्र किया. उन्होंने कहा कि जब तक अमित शाह इस्तीफा नहीं देंगे, तब तक राहुल गांधी पीछे नहीं हटेंगे और लगातार आवाज उठाते रहेंगे. इसी सिलसिले में उन्होंने कहा कि राहुल गांधी हर दिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सपने में आएंगे.
तेजस्वी यादव को भी दे चुके हैं सलाह
पप्पू यादव इससे पहले RJD नेता तेजस्वी यादव को भी सलाह दे चुके हैं. 13 अगस्त को उन्होंने कहा था कि अगर तेजस्वी यादव राजनीति में कुछ सीखना चाहते हैं तो उन्हें राहुल गांधी और अखिलेश यादव से सीखना चाहिए. उन्होंने तंज कसते हुए कहा था कि तेजस्वी यादव ‘कुंभकर्ण’ की तरह गहरी नींद में रहना चाहते हैं. पप्पू यादव का कहना था कि आज की राजनीति सिर्फ राजनीतिक एजेंडे के सहारे नहीं चल सकती. नेताओं को जनता के असली मुद्दों के साथ खड़ा होना पड़ेगा.