Rewa News: रीवा के मनगवां नेशनल हाईवे पर शनिवार की दोपहर एक बार फिर तेज रफ्तार का खौफनाक मंजर देखने को मिला. शनिवार, 2 मई की ग्राम बेलबा के समीप एक अनियंत्रित ट्रेलर डिवाइडर को चकनाचूर करते हुए सड़क के दूसरी तरफ स्थित एक रिहायशी मकान में जा घुसा. आज हुए इस भीषण हादसे के दौरान घर के अंदर मौजूद परिवार के सदस्य बाल-बाल बच गए. हालांकि, टक्कर इतनी जोरदार थी कि मकान का अगला हिस्सा पूरी तरह ध्वस्त हो गया है.
जोरदार धमाके साथ हादसा
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ट्रेलर काफी तेज गति से मनगवां की ओर जा रहा था. प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि ग्राम बेलबा के पास अचानक चालक ने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया. अनियंत्रित ट्रेलर पहले डिवाइडर से टकराया और उसे लांघते हुए विपरीत दिशा की सड़क पार कर सीधे एक घर की दीवार से जा टकराया. धमाका इतना तेज था कि आसपास के लोग सहम गए और मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई.
ट्रेलर दीवार में घुसते ही चीख-पुकार
जिस वक्त यह हादसा हुआ, घर के भीतर परिवार के लोग अपने दैनिक कार्यों में व्यस्त थे. दोपहर का समय होने के कारण घर के कुछ सदस्य बरामदे के पास ही थे, जो ट्रेलर को आता देख तुरंत पीछे की ओर भागे. ट्रेलर के घर में घुसते ही चीख-पुकार मच गई. घर की दीवारें और सामने का बरामदा मलबे में तब्दील हो गया, स्थानीय लोगों की मदद से चालक को केबिन से बाहर निकाला गया, जिसे मामूली चोटें आई हैं.
पुलिस ने लिया मौके का जायजा
हादसे की सूचना मिलते ही मंमगवा पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया. पुलिस ने क्रेन की मदद से ट्रेलर को घर से बाहर निकलवाने की प्रक्रिया शुरू की और वाहन को जब्त कर लिया है. पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया हादसे का कारण वाहन की अत्यधिक गति या चालक को नींद की झपकी आना हो सकता है.
(Disclaimer: The article is a part of syndicated feed. Except for the headline, the content is not edited. Liability lies with the syndication partner for factual accuracy.)