Rajasthan News: राजस्थान में बीते कुछ दिनों से लगातार बारिश देखने को मिल रही है. बारिश के कारण शनिवार को दर्दनाक हादसा हो गया. धौलपुर में मनिया इलाके में फूलपुर गांव के पास भारी जलभराव था. इसी के कारण सवारियों से भरी इको वैन अनियंत्रित होकर गहरी तालाब में जा गिरी. हादसे के दौरान वैन में 10 से 12 लोग मौजूद थे, जिसमें कुछ बच्चे भी थे. वैन पलटने से वैन में मौजूद बच्चे, महिलाएं और पुरुष चिल्लाने लगे.
पीर दर्शन के लिए जा रहे थे लोग
जानकारी के अनुसार, वैन में सवार सभी लोग मनियां क्षेत्र के इंछापुरा गांव से फूलपुर के पास स्थित जाहरपीर बाबा के थान पर उनके दर्शन के लिए जा रहे थे. बारिश के कारण सड़क पर जलभराव ज्यादा हो गया था, जिसके कारण चालक को सड़क और तालाब के बीच अंदाजा नहीं लग पाया. इसी वजह से वैन अनियंत्रित होकर तालाब में पलट गई. चीख-पुकार सुनकर ग्रामीण पोखर में उतरे और वैन से लोगों को बाहर निकाला गया. ग्रामीणों ने एंबुलेंस को फोन कर सभी को नजदीकी अस्पताल में पहुंचाया.
4 की मौत, कुछ गंभीर
वाहन में मौजूद 8 लोगों की जान बच गई लेकिन एक ही परिवार के मां और दो बच्चों समेत चार की मौत हो गई. डॉक्टरों ने शैलेश जाटव की पत्नी 25 वर्षीय सपना, उनके एक साल के बेटे हर्षित और तीन साल की बेटी प्राची के साथ ही भराना निवासी पुष्पेंद्र ठाकुर के नौ वर्षीय बेटे दिव्यांश को मृत घोषित कर दिया. हादसे में घायल सभी लोगों का इलाज चल रहा है. कहा जा रहा है कि कुछ लोगों को गंभीर चोटें लगी हैं. पुलिस टीम भी मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लेकर हादसे से जुड़ी परिस्थितियों की जांच कर रही है.
ग्रामीणों ने सुनाई आंखोंदेखी
इस बारे में ग्रामीणों ने कहा कि एक वैन सड़क से जा रही थी और अचानक अनियंत्रित होकर तालाब में गिर गई. पानी वैन के अंदर भरता जा रहा था. वैन में फंसे लोग बचाने के लिए चिल्ला रहे थे. आसपास कुछ लोगों ने उनकी मदद की और एक-एक कर सबको बाहर निकाला गया. इसी बीच पुलिस को भी इस बारे में जानकारी दी गई. इस हादसे में तीन बच्चों और एक महिला की मौत हो गई. वहीं आठ लोगों को सकुशल बाहर निकाल लिया गया.