उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में थाना सरसावा पुलिस ने आईपीएल सट्टेबाजी के एक बड़े गिरोह का भंडाफोड़ हुआ है, जहां पुलिस ने जाल बिछाके 7 शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है. यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में चलाए जा रहे जुआ, शराब और सट्टे के खिलाफ अभियान के तहत की गई है.
ढ़ाबे पर छापेमारी
पुलिस अधीक्षक ग्रामीण और क्षेत्राधिकारी नकुड़ के पर्यवेक्षण में थानाध्यक्ष प्रवेश कुमार शर्मा के नेतृत्व में टीम ने मुखबिर की सूचना पर आज देहरादून-अंबाला हाईवे स्थित रायपुर रोड पर बाबा दा ढाबा के पास खाली जगह पर छापा मारा.
7 सट्टेबाजों को दबोचा
छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके से 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया, जो दो कारों में बैठकर आईपीएल मैचों पर ऑनलाइन सट्टा लगवा रहे थे. गिरफ्तार अभियुक्तों में मनोज कुमार, अजय कुमार, विशाल कुमार, धीरज कुमार, उत्तम कुमार, अर्शदीप और धर्मपाल शामिल हैं, जिनमें से अधिकांश हरियाणा के यमुनानगर क्षेत्र के निवासी हैं.
पुलिस ने जब्त किया सामान
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 1 लाख 27 हजार रुपये नकद, 2 कारें (होंडा अमेज और क्रेटा), 15 मोबाइल फोन, 3 रजिस्टर और एक कैलकुलेटर बरामद किया है. बरामद रजिस्टरों में सट्टेबाजी का हिसाब-किताब दर्ज मिला है.
सट्टेबाजों ने खुद किया खुलासा
पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे आईपीएल मैचों के दौरान लोगों से ऑनलाइन सट्टा लगवाते थे और उससे होने वाली कमाई को आपस में बांट लेते थे. इस संबंध में थाना सरसावा में जुआ अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है.
पुलिस ने सभी आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है. इस कार्रवाई को सट्टेबाजी के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है.
ये भी पढ़ें:- एक्शन में साध्वी निरंजन ज्योति! CM योगी को दिलाई जमीनी हालात की याद, अधिकारियों को सख्त निर्देश! ये है मामला