Greater Noida Fire News: ग्रेटर नोएडा वेस्ट के शाहबेरी इलाके में शुक्रवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब फर्नीचर मार्केट में लकड़ी की कटिंग करने वाली एक दुकान में अचानक आग लग गई. लकड़ी और अन्य सामान होने की वजह से आग तेजी से फैल गई और दुकान के अंदर धुआं भर गया. हादसे के वक्त दो युवक दुकान के अंदर सो रहे थे. दमकलकर्मियों ने दोनों को बेहोशी की हालत में बाहर निकाला, लेकिन अस्पताल में इलाज के दौरान एक युवक की मौत हो गई.
लकड़ी कटिंग की दुकान में अचानक लगी आग
मामला ग्रेटर नोएडा के बिसरख थाना क्षेत्र के शाहबेरी इलाके का है. यहां फर्नीचर मार्केट में सीएनसी लकड़ी कटिंग का काम करने वाली दुकान में आग लगने की सूचना दमकल विभाग को मिली. सूचना मिलते ही फायर सर्विस यूनिट और स्थानीय पुलिस की टीम मौके पर पहुंची. आग को देखते हुए विद्युत विभाग से संपर्क कर इलाके की बिजली आपूर्ति बंद कराई गई, ताकि राहत और बचाव अभियान के दौरान किसी तरह का अतिरिक्त खतरा न रहे.
दुकान के अंदर फंसे थे दो युवक
चीफ फायर अधिकारी प्रदीप कुमार चौबे के मुताबिक, आग लगने के समय दुकान के अंदर अल्तमश और अमन मौजूद थे. दोनों युवक दुकान के अंदर सो रहे थे. आग के बाद दुकान में तेजी से धुआं भर गया, जिसके कारण दोनों बेहोश हो गए. दमकलकर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद दोनों को दुकान से बाहर निकाला और तत्काल इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया. अस्पताल पहुंचने के बाद डॉक्टरों ने अल्तमश को मृत घोषित कर दिया. वहीं अमन की हालत को देखते हुए उसे बेहतर उपचार के लिए सफदरजंग अस्पताल रेफर किया गया. अधिकारियों के मुताबिक, अमन फिलहाल खतरे से बाहर बताया जा रहा है. दमकल विभाग ने स्पष्ट किया कि दोनों युवक आग की लपटों से झुलसने के बजाय धुएं में दम घुटने के कारण प्रभावित हुए थे.
शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका
शुरुआती तौर पर आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट होने की आशंका जताई जा रही है. हालांकि, आग के वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही होगी. पुलिस और संबंधित विभाग हादसे से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रहे हैं. यह भी देखा जा रहा है कि दुकान में सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम थे या नहीं. फायर विभाग के अधिकारियों के मुताबिक, आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया है और घटना से जुड़ी आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है. पुलिस हादसे की परिस्थितियों, दुकान में मौजूद विद्युत उपकरणों और आग लगने के संभावित कारणों की जांच कर रही है. हादसे के बाद शाहबेरी के फर्नीचर मार्केट में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बना रहा.