Baghpat Viral Video: उत्तर प्रदेश के बागपत में किसान दिवस के दौरान बैठक चल रही थी, जिसमें उनकी समस्याओं की सुनवाई की जा रही थी. इसी बीच वहां एक लंगूर आ गया, जो दौड़ता हुआ डीएम साहिबा के पास पहुंच गया. डीएम अस्मिता लाल ने वहां से हटकर अपनी कुर्सी पर उसे बैठने के लिए कहा. पशुओं के प्रति उनकी नजरों में प्यार देखकर लोग उनकी काफी तारीफ कर रहे हैं. उनकी ये हैरान कर देने वाली वीडियो और ऑफिस में बैठक की तस्वीरें सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रही हैं.
मीटिंग रूम में मटरू की एंट्री
बता दें कि ये वीडियो बागपत डीएम ऑफिस की बताई जा रही हैं. कहा जा रहा है कि गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में किसान दिवस पर बैठक का आयोजन किया जा रहा था. इसी बीच लंगूर ‘मटरू’ मीटिंग रूम में घुस आया. वो तेजी से डीएम की तरफ बढ़ रहा था. डीएम अपनी कुर्सी छोड़कर खड़ी हो गईं. उन्होंने मटरू से कहा कि तुम यहां कुर्सी पर बैठ जाओ. फिर क्या था, लंगूर कूदकर उनकी कुर्सी पर बैठ गया. इस पूरी घटना का किसी ने वीडियो बना लिया और सोशल मीडिया पर शेयर कर दिया. अब इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.
वायरल वीडियो पर जमकर कमेंट्स कर रहे लोग
वहीं इस वीडियो के वायरल होने पर लोग इस वीडियो पर जमकर कमेंट्स कर रहे हैं. कुछ लोग जय श्रीराम लिखकर कमेंट्स पोस्ट कर रहे हैं. वहीं कुछ लोग डीएम का पशुप्रेम देखकर उनकी तारीफ कर रहे हैं. कुछ लोग लंगूर और डीएम दोनों को प्रणाम कर रहे हैं. वहीं कुछ लोग चुटकी भी ले रहे हैं. एक यूजर ने लिखा, लगता है कि ये पिछले जन्म में डीएम था. एक ने लिखा कि योगी की सरकार में बैठक लंगूर नहीं करेंगे, तो कौन करेगा. एक ने लिखा कि लंगूर कह रहा है कि तुम लोगों से अच्छी बैठक तो मैं कर लूंगा. वहीं एक यूजर ने तंज कसते हुए कहा कि भगवान जानते हैं कि अब ये लोग कुर्सी के लायक नहीं हैं.