उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिले की शिकारपुर विधानसभा सीट से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विधायक और पूर्व राज्य मंत्री अनिल शर्मा का निधन हो गया है. वह काफी समय से कैंसर की बीमारी से जूझ रहे थे और दिल्ली के मैक्स अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था. उनका अंतिम संस्कार उनके पैतृक गांव में किया जाएगा.
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जताया दुख
विधायक अनिल शर्मा के निधन की खबर मिलते ही उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उनके बेटे कुश शर्मा से फोन पर बात की और ढांढस बंधाया. मुख्यमंत्री ने परिवार को हर संभव मदद का आश्वासन दिया है.
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर शोक व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लिखा कि शिकारपुर से विधायक और पूर्व राज्य मंत्री अनिल शर्मा का निधन बेहद दुखद है. उन्होंने ईश्वर से प्रार्थना की कि दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें और परिवार को यह भारी दुख सहने की शक्ति प्रदान करें.
उत्तर प्रदेश सरकार के पूर्व राज्य मंत्री एवं जनपद बुलंदशहर के शिकारपुर विधान सभा क्षेत्र के माननीय विधायक श्री अनिल शर्मा जी का निधन अत्यंत दु:खद है। विनम्र श्रद्धांजलि।
प्रभु श्री राम से प्रार्थना है कि दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्री चरणों में स्थान तथा शोकाकुल परिजनों को यह…
— Yogi Adityanath (@myogiadityanath) September 2, 2026
अनिल शर्मा का राजनीतिक सफर
63 वर्षीय अनिल शर्मा का जन्म बुलंदशहर के सूरजवाली गांव में हुआ था. उनकी राजनीतिक यात्रा जमीनी स्तर से शुरू हुई थी:
अनिल शर्मा 1989 में पहली बार अपने गांव सूरजवाली के निर्विरोध ग्राम प्रधान चुने गए. इसके बाद वह लगातार दूसरी बार भी प्रधान बने.
अनिल शर्मा का विधानसभा का सफर:
- 2002 और 2007: उन्होंने बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के टिकट पर खुर्जा सीट से लगातार दो बार विधानसभा चुनाव जीता.
- 2012: शिकारपुर सीट से चुनाव लड़े, लेकिन सफलता नहीं मिली.
- 2017: वह भाजपा में शामिल हुए और शिकारपुर सीट से विधायक बने. 2017 से 2022 तक योगी सरकार के पहले कार्यकाल में वह वन एवं पर्यावरण राज्य मंत्री रहे.
- 2022: उन्होंने एक बार फिर भाजपा के टिकट पर शिकारपुर से जीत दर्ज की.
अनिल शर्मा के निधन से उनके क्षेत्र के समर्थकों और भाजपा कार्यकर्ताओं में शोक की लहर है. लोग सोशल मीडिया और व्यक्तिगत रूप से उन्हें श्रद्धांजलि दे रहे हैं.