UP Student Protest: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में शुक्रवार, 14 अगस्त को छात्रों का गुस्सा सड़क पर देखने को मिला. लखनऊ के पारा थाना क्षेत्र के जय नारायण स्कूल के सैकड़ों छात्र सड़कों पर पहुंचे. स्कूल में शिक्षकों की कमी से परेशान होकर छात्र प्रदर्शन करने सड़क पर उतर आए. छात्रों ने बुद्धेश्वर चौराहे पर चक्का जाम कर दिया. देखते ही देखते सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लग गई और यातायात प्रभावित हो गया.
प्रदर्शन कर रहे छात्रों का कहना था कि स्कूल में पर्याप्त शिक्षक नहीं हैं. इसकी वजह से उनकी पढ़ाई ठीक से नहीं हो पा रही है. खासकर 12वीं के छात्रों को अपने भविष्य और परीक्षा की चिंता सता रही है. छात्रों ने स्कूल प्रशासन और शिक्षा विभाग के खिलाफ नारेबाजी करते हुए जल्द से जल्द शिक्षकों की व्यवस्था करने की मांग की.
मांग पर अड़े रहे छात्र
हंगामे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और छात्रों को समझाने की कोशिश की. हालांकि छात्र अपनी मांगों पर अड़े रहे. मामला बढ़ता देख उत्तर प्रदेश सरकार के समाज कल्याण राज्य मंत्री असीम अरुण भी मौके पर पहुंचे. मंत्री को सामने देखकर छात्रों ने खुलकर अपनी समस्याएं बताईं.
लखनऊ में Gen Alpha छात्रों का सड़क पर उतरना चेतावनी है। शिक्षकों की कमी जैसी बुनियादी समस्या भी अगर सरकार नहीं सुलझाएगी, तो छात्र खुद सड़क पर उतरेंगे।
व्यवस्था सुधारिए, वरना अगली पीढ़ी सुधारने पर मजबूर होगी। pic.twitter.com/RIhNuyO5Ry
— Voice Of Justice (@InsafKiAawaz) August 14, 2026
मंत्री असीम अरुण ने की छात्रों से बात
मंत्री असीम अरुण ने सड़क पर ही छात्रों से बातचीत की और उनकी पूरी बात सुनी. उन्होंने माना कि स्कूल में शिक्षकों की कमी एक गंभीर समस्या है. मंत्री ने बताया कि इस कमी को दूर करने के लिए पिछले साल अतिथि शिक्षकों की व्यवस्था की गई थी लेकिन इस व्यवस्था को लेकर हाईकोर्ट में मामला पहुंच गया और उस पर स्टे लग गया. इसके कारण कई अतिथि शिक्षक फिलहाल स्कूल में पढ़ाने नहीं आ पा रहे हैं.
मंत्री ने दिलाया भरोसा
मंत्री ने छात्रों को भरोसा दिलाया कि सरकार इस मामले को गंभीरता से ले रही है और कोर्ट में मजबूती से पैरवी की जा रही है. उन्होंने यह भी बताया कि नए शिक्षक भर्ती आयोग के जरिए जल्द ही स्थायी शिक्षकों की नियुक्ति की जाएगी. असीम अरुण ने कहा कि जय नारायण स्कूल आवासीय विद्यालय है. यहां छात्रों की पढ़ाई के साथ उनकी देखभाल के लिए भी पर्याप्त शिक्षकों की जरूरत है. उन्होंने आश्वासन दिया कि सरकार छात्रों के भविष्य से समझौता नहीं करेगी.
ये भी पढ़ें: कार से खींच कर लड़की को उठा ले गए हैवान, सुनसान जगह पर नोंच खाया पुरा बदन; दोस्त के सामने ही कर दिया कांड!