WhatsApp Guest Calling Feature: आज के डिजिटल दौर में शायद ही कोई ऐसा व्यक्ति होगा, जो मेटा (Meta) के लोकप्रिय मैसेजिंग ऐप WhatsApp का इस्तेमाल न करता हो. इसके बावजूद कंपनी उन लोगों तक भी अपनी पहुंच बढ़ाने की कोशिश कर रही है, जिन्होंने अब तक व्हाट्सऐप पर अकाउंट नहीं बनाया है. इसी दिशा में कंपनी ने एक नया गेस्ट कॉलिंग फीचर (Guest Calling Feature) पेश किया है. इसकी मदद से यूजर्स ऐसे लोगों को भी व्हाट्सऐप कॉल में शामिल होने का न्योता दे सकेंगे, जिनके फोन में न तो व्हाट्सऐप ऐप इंस्टॉल है और न ही उनका इस प्लेटफॉर्म पर कोई अकाउंट है.पहले की तरह यह सुविधा भी मुफ्त होगी. कंपनी के मुताबिक, गेस्ट कॉल एंड-टू-एंड एन्क्रिप्टेड होगी और इस पर कॉल करने के लिए समय की कोई सीमा नहीं होगी. यह फीचर ऑफिस मीटिंग, ऑनलाइन क्लास और उन परिस्थितियों में उपयोगी हो सकता है, जहां लोग अपना व्हाट्सऐप अकाउंट बनाए बिना किसी बातचीत में शामिल होना चाहते हैं.
व्हाट्सऐप ने अपने ब्लॉग पोस्ट में बताया है कि यह फीचर यूजर्स के लिए धीरे-धीरे जारी किया जा रहा है. हालांकि, इसे सभी लोगों तक पहुंचने में कुछ समय लग सकता है. WABetaInfo की रिपोर्ट के मुताबिक, ऐप के नए वर्जन में यह विकल्प दिखाई दे रहा है, लेकिन इसकी उपलब्धता यूजर के हिसाब से अलग-अलग हो सकती है.
बिना अकाउंट के WhatsApp कॉल कैसे करें?
व्हाट्सऐप के नए गेस्ट कॉलिंग फीचर का इस्तेमाल करना काफी आसान है. इसके लिए कॉल में शामिल होने वाले व्यक्ति को व्हाट्सऐप पर अकाउंट बनाने या अपने फोन में ऐप इंस्टॉल करने की जरूरत नहीं होगी. कॉल शुरू करने के लिए इन स्टेप्स को फॉलो करना होगा.
- सबसे पहले अपने फोन में WhatsApp खोलें और Calls टैब पर जाएं.
- अब स्क्रीन पर दिखाई देने वाले ‘+’ आइकन पर टैप करें.
- इसके बाद कॉल लिंक बनाने का विकल्प चुनें और लिंक तैयार करें.
- इस लिंक को उन लोगों के साथ शेयर करें, जिन्हें आप कॉल में शामिल करना चाहते हैं.
- लिंक पाने वाला व्यक्ति अपने कंप्यूटर के ब्राउजर में इसे खोल सकता है और अपना नाम दर्ज करके कॉल में शामिल होने का अनुरोध भेज सकता है.
- हालांकि, लिंक खोलते ही कोई भी व्यक्ति सीधे कॉल में शामिल नहीं हो सकेगा. सबसे पहले उसे एक वेटिंग रूम में रखा जाएगा.
- इसके बाद होस्ट यानी कॉल शुरू करने वाले व्यक्ति को उसकी रिक्वेस्ट मंजूर करनी होगी.
- होस्ट चाहे तो कॉल के दौरान किसी गेस्ट को बाहर भी कर सकता है.
एक कॉल में कितने लोग शामिल हो सकते हैं?
व्हाट्सऐप का नया गेस्ट कॉलिंग फीचर सिर्फ दो लोगों के बीच बातचीत तक सीमित नहीं है. इसके जरिए वन-टू-वन कॉल के साथ ग्रुप कॉल भी की जा सकती है. इसमें अधिकतम 32 प्रतिभागी शामिल हो सकते हैं.इस फीचर में स्क्रीन शेयरिंग, इमोजी रिएक्शन और बातचीत के दौरान बोलने के लिए हाथ उठाने जैसे विकल्प भी मिलेंगे. यानी बिना व्हाट्सऐप अकाउंट वाला व्यक्ति भी ऑनलाइन मीटिंग में सक्रिय रूप से हिस्सा ले सकेगा.
नहीं देख सकेंगे दूसरे लोगों के फोन नंबर
हालांकि, गेस्ट यूजर्स के लिए कुछ सीमाएं भी तय की गई हैं. वे कॉल में शामिल दूसरे लोगों के फोन नंबर नहीं देख सकेंगे. इसके अलावा, वे मैसेज नहीं भेज पाएंगे और न ही अपनी तरफ से दूसरे लोगों को सीधे कॉल में जोड़ सकेंगे. ध्यान देने वाली बात यह है कि गेस्ट कॉल का लिंक केवल वही व्यक्ति बना सकता है, जिसके पास व्हाट्सऐप अकाउंट है.
Google Calendar और Outlook से भी जुड़ेगा WhatsApp
व्हाट्सऐप सिर्फ गेस्ट कॉलिंग तक ही सीमित नहीं रहने वाला है. कंपनी ऑनलाइन मीटिंग शेड्यूल करने वाले यूजर्स के लिए एक और सुविधा पर काम कर रही है. योजना के मुताबिक, कंपनी इस साल के आखिर में Google Calendar और Microsoft Outlook के साथ कैलेंडर इंटीग्रेशन पेश कर सकती है.
इस सुविधा की मदद से यूजर्स प्लगइन के जरिए अपने व्हाट्सऐप अकाउंट को कनेक्ट कर सकेंगे और कैलेंडर इनविटेशन में व्हाट्सऐप कॉल का लिंक जोड़ पाएंगे. इसके बाद आमंत्रित लोग बिना व्हाट्सऐप अकाउंट के भी कॉल में शामिल हो सकेंगे. इस बदलाव से उन लोगों के साथ ऑनलाइन मीटिंग करना आसान हो सकता है, जो आपके नियमित व्हाट्सऐप कॉन्टैक्ट्स में शामिल नहीं हैं. फिलहाल, जिन यूजर्स के ऐप में गेस्ट कॉलिंग का विकल्प नहीं आया है, उन्हें इसके रोलआउट होने का इंतजार करना होगा.