सहारा इंडिया के निवेशकों के लिए एक बहुत अच्छी खबर आई है. सहकारिता मंत्रालय ने Sahara-CRCS रिफंड पोर्टल को फिर से चालू कर दिया है. पोर्टल के दोबारा शुरू होने से अब लाखों लोगों के फंसे हुए पैसे वापस मिलने का रास्ता साफ हो गया है. सुप्रीम कोर्ट के 29 मार्च 2023 के आदेश के मुताबिक, पारदर्शी और पूरी तरह डिजिटल तरीके से असली निवेशकों के खाते में पैसे भेजे जा रहे हैं.
अब तक कितने लोगों को मिले पैसे?
मंत्रालय की तरफ से जारी जानकारी के मुताबिक, अब तक 9,267 करोड़ रुपये की राशि सीधे 41,56,711 (41 लाख से ज्यादा) निवेशकों के बैंक खातों में भेजी जा चुकी है. फिलहाल लगभग 20 लाख आवेदन प्रक्रिया में हैं. पोर्टल बंद होने की वजह से जो काम अटक गया था, वो अब फिर से तेजी से शुरू कर दिया गया है.
क्यों बंद हो गया था पोर्टल?
नवंबर 2025 में कुछ ऐसे मामलों की वजह से सहारा सोसाइटियों के दफ्तर सील कर दिए गए थे, जिनका सोसाइटियों से सीधा लेना-देना नहीं था. इसके अलावा IT इंफ्रास्ट्रक्चर, कंप्यूटर लाइसेंस, सिस्टम मेंटेनेंस (AMC) और कर्मचारियों से जुड़ी कुछ प्रशासनिक समस्याएं भी सामने आ गई थीं. इन रुकावटों के कारण क्लेम वेरिफिकेशन का काम अस्थायी रूप से रुक गया था.
हालांकि, सहकारिता मंत्रालय ने उत्तर प्रदेश सरकार के अधिकारियों और अन्य स्टेकहोल्डर्स के साथ मिलकर इन सभी तकनीकी और प्रशासनिक दिक्कतों को सुलझा लिया है, जिससे पोर्टल अब पूरी तरह काम करने लगा है.
किन 4 सोसाइटियों के निवेशकों को मिलेगा फायदा?
- सहारा क्रेडिट कोऑपरेटिव सोसाइटी लिमिटेड (लखनऊ)
- सहारायन यूनिवर्सल मल्टीपर्पज सोसाइटी लिमिटेड (भोपाल)
- हमारा इंडिया क्रेडिट कोऑपरेटिव सोसाइटी लिमिटेड (कोलकाता)
- स्टार्स मल्टीपर्पज कोऑपरेटिव सोसाइटी लिमिटेड (हैदराबाद)
क्लेम प्रोसेस कैसे होता है?
आधार e-KYC: सबसे पहले निवेशक का आधार के जरिए वेरिफिकेशन होता है. सहारा सोसाइटियों के डेटा से निवेशक के मेंबरशिप नंबर, जमा पर्ची (Receipt) और पासबुक की जांच की जाती है.
सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में बने नियमों (SOP) के तहत कागजात सही पाए जाने पर रिफंड की रकम सीधे आपके आधार-लिंक्ड बैंक खाते (Aadhaar-seeded bank account) में ट्रांसफर कर दी जाती है.
ऑफिशियल वेबसाइट का ही करें इस्तेमाल
मंत्रालय ने लोगों को फर्जी वेबसाइटों से सावधान रहने की सलाह दी है:
- नया आवेदन करने के लिए https://mocrefund.crcs.gov.in इस वेबसाइट का इस्तेमाल करें
- अगर आवेदन में कोई गलती सुधारनी है तो https://mocresubmit.crcs.gov.in इस वेबसाइट का इस्तेमाल करें
- किसी भी बिचौलिए या अनधिकृत लिंक के चक्कर में न पड़ें और केवल इन आधिकारिक वेबसाइट्स का ही इस्तेमाल करें.