नई दिल्ली. पंजाब किंग्स के बाएं हाथ के तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह (Arshdeep Singh) ने मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में मुंबई इंडियंस के खिलाफ खेले जा रहे आईपीएल 2026 मुकाबले में इतिहास रच दिया. पंजाब की गेंदबाजी आक्रमण की अगुवाई कर रहे अर्शदीप ने अपने पहले ओवर में सिर्फ एक रन दिया. इसके बाद अपने दूसरे ओवर की पहली ही गेंद पर उन्होंने रयान रिकेल्टन को 8 गेंदों में 2 रन पर आउट कर दिया.
इस विकेट के साथ अर्शदीप सिंह आईपीएल में पंजाब किंग्स के लिए 100 विकेट लेने वाले पहले गेंदबाज बन गए. मुंबई इंडियंस के खिलाफ यह उनका पंजाब किंग्स के लिए 87वां आईपीएल मैच था. अब अर्शदीप पंजाब किंग्स के लिए आईपीएल में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज बन गए हैं. पूर्व भारतीय स्पिनर पीयूष चावला इस सूची में दूसरे स्थान पर हैं. उन्होंने 2008 से 2013 के बीच पंजाब के लिए 87 मैचों में 84 विकेट लिए थे.
कौन कौन अपनी टीम के लिए कर चुका ऐसा?
राजस्थान रॉयल्स की टीम का हिस्सा तेज गेंदबाज संदीप शर्मा इस सूची में तीसरे स्थान पर हैं. उन्होंने 2012 से 2021 के बीच पंजाब किंग्स के लिए 61 मैचों में 73 विकेट लिए थे. एक ही फ्रेंचाइजी के लिए आईपीएल में सबसे ज्यादा विकेट लेने का रिकॉर्ड अब भी सुनील नरेन के नाम है. वेस्टइंडीज के पूर्व स्पिनर ने 2012 में डेब्यू करने के बाद से कोलकाता नाइट राइडर्स के लिए 193 मैचों में 195 विकेट लिए हैं. मुंबई इंडियंस के जसप्रीत बुमराह 150 मैचों में 183 विकेट के साथ दूसरे स्थान पर हैं.
सूर्यकुमार यादव को भी भेजा पवेलियन
रयान रिकेल्टन को आउट करने के बाद अर्शदीप यहीं नहीं रुके. उन्होंने मुंबई इंडियंस की पारी के तीसरे ओवर की दूसरी गेंद पर सूर्यकुमार यादव को भी पवेलियन भेज दिया, जिससे मुंबई की टीम दबाव में आ गई. रयान रिकेल्टन का कैच शशांक सिंह ने पकड़ा, जबकि सूर्यकुमार यादव का कैच युजवेंद्र चहल ने लिया.