109
Krunal Panday Supports Axar Patel: रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु को दिल्ली कैपिटल्स (Royal Challengers Bangalore vs Delhi Capitals) के खिलाफ चिन्नास्वामी स्टेडियम में हार का सामना करना पड़ा. 18 अप्रैल को हुई इस हार सिर्फ एक कड़े मुकाबले तक सीमित नहीं रही, बल्कि इस मैच में क्रुणाल पांड्या की खेल भावना (स्पोर्ट्समैनशिप) देखकर सभी फैंस हैरान रह गए. इस खास पल ने भी सभी का ध्यान खींचा. जिसकी चर्चा सोशल मीडिया पर तेजी से हो रही है.
दिल्ली कैपिटल्स ने 176 रन के लक्ष्य को 6 विकेट से हासिल करते हुए रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु को एक रोमांचक मुकाबले में हरा दिया. धीमी पिच पर RCB का स्कोर प्रतिस्पर्धी जरूर था, लेकिन थोड़ा कम साबित हुआ. दिल्ली की ओर से केएल राहुल ने शानदार 57 रन की पारी खेलकर रन चेज़ को संभाला, जबकि ट्रिस्टन स्टब्स ने 60 रनों की तेजतर्रार पारी खेली. अंत में डेविड मिलर ने 10 गेंदों में नाबाद 22 रन बनाकर, जिसमें अंतिम ओवर में दो छक्के शामिल थे, टीम को जीत दिलाई.
चोटिल हो गए थे अक्षर पटेल
हालांकि मैच का एक सबसे यादगार पल तब आया जब दिल्ली के कप्तान अक्षर पटेल बल्लेबाजी के दौरान गंभीर ऐंठन (क्रैम्प्स) का शिकार हो गए. उन्होंने शुरुआत में दो चौके लगाकर अच्छी बल्लेबाजी की थी, लेकिन 14वें ओवर में दर्द के कारण वह मैदान पर गिर पड़े, जिसके बाद फिजियो को तुरंत आकर खेल रोकना पड़ा. कुछ समय बाद उन्होंने फिर से खेलने की कोशिश की, लेकिन 16वें ओवर में उनकी हालत और बिगड़ गई. उनकी हालत को देखते हुए उन्हें रिटायर्ड हर्ट होकर मैदान छोड़ना पड़ा.
क्रुणाल पांड्या ने जीता दिल
जब अक्षर पटेल मैदान से बाहर जा रहे थे, तब क्रुणाल पांड्या ने आगे बढ़कर उनकी मदद की और उन्हें बाहर तक सहारा दिया, साथ ही अशुतोष शर्मा भी मौजूद थे. एक तरफ क्रुणाल पांड्या और एक तरफ आशुतोष शर्मा उन्हें कंधे पर सहारा दिए हुए थे. अमूमन ऐसा देखा जाता है कि या तो फिजियो या फिर उनके टीम के खिलाड़ी. क्रुणाल का यह व्यवहार खेल भावना की बेहतरीन मिसाल माना गया और हार के बावजूद RCB के लिए यह एक सम्मानजनक और सराहनीय पल बन गया.