11
पाकिस्तान के ऑलराउंडर मोहम्मद नवाज़ इस समय पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) की जांच के दायरे में हैं. एक रिपोर्ट के मुताबिक, उन पर मनोरंजक ड्रग्स के सेवन के लिए पॉजिटिव पाए जाने का आरोप है. इसी वजह से उनका इंग्लैंड की टी20 ब्लास्ट लीग में सरे (Surrey) टीम के साथ खेलने का करार भी रद्द हो गया है. नवाज़ हाल ही में पाकिस्तान सुपर लीग (PSL) में मुल्तान सुल्तांस की ओर से खेलते नजर आए, हालांकि पूरे टूर्नामेंट में उनका प्रदर्शन खास नहीं रहा.
मनोरंजक ड्रग्स वे पदार्थ होते हैं जिनका उपयोग बिना किसी चिकित्सकीय जरूरत के आनंद, आराम या मानसिक प्रभाव के लिए किया जाता है. इनमें शराब, निकोटिन, भांग, कोकीन, हेरोइन और कुछ सिंथेटिक ड्रग्स शामिल हैं. रिपोर्ट के अनुसार, ICC ने इस मामले की जानकारी PCB को दे दी है, जिसके बाद बोर्ड ने अपनी जांच प्रक्रिया शुरू कर दी है. एक PCB प्रवक्ता ने कहा कि जांच पूरी होने के बाद परिणाम ICC को भेजे जाएंगे.
टी20 विश्व कप से जुड़ा है मामला
बताया जा रहा है कि यह मामला इस साल की शुरुआत में हुए टी20 वर्ल्ड कप से जुड़ा है. उस टूर्नामेंट में नवाज़ ने पाकिस्तान के लिए सभी सात मैच खेले थे और सात विकेट लेने के साथ 15 रन बनाए थे. पाकिस्तान टीम उस समय सुपर-8 चरण में बाहर हो गई थी.
पीसीबी ने दिया था NOC
नवाज़ ने सरे के साथ पूरे सीजन के लिए खेलने पर सहमति दी थी और PCB से उन्हें NOC भी मिल चुका था. क्लब जल्द ही उनके साइनिंग की आधिकारिक घोषणा करने वाला था, लेकिन अब यह डील पूरी तरह से खत्म हो गई है. फिलहाल न तो सरे क्रिकेट क्लब और न ही ICC की ओर से इस मामले पर कोई आधिकारिक बयान आया है. वहीं, मोहम्मद नवाज़ अभी भी PSL में मुल्तान सुल्तांस के लिए खेल रहे हैं, जहां हाल ही में रावलपिंडी के खिलाफ मैच में उन्होंने 3 ओवर में 26 रन दिए थे.