7
नई दिल्ली. आईपीएल 2026 में कोलकाता नाइट राइडर्स ने राजस्थान रॉयल्स (KKR vs RR) को हराकर आखिरकार अपनी हार का सिलसिला तोड़ दिया. इस जीत के सबसे बड़े हीरो उप-कप्तान रिंकू सिंह और ऑलराउंडर अनुकूल रॉय रहे, जिन्होंने मुश्किल समय में टीम को संभालते हुए यादगार जीत दिलाई. लक्ष्य का पीछा करते हुए केकेआर की टीम मुश्किल में फंस गई थी. लेकिन रिंकू सिंह और अनुकूल ने शानदार जीत दिलाई और इस दौरान उन्होंने इतिहास भी रचा.
रिंकू सिंह और अनुकूल रॉय ने सातवें विकेट के लिए नाबाद 76 रन की साझेदारी कर मैच का रुख पूरी तरह बदल दिया. यह आईपीएल इतिहास में सातवें या उससे निचले विकेट के लिए दूसरी सबसे बड़ी साझेदारी रही. इससे पहले सिर्फ 2016 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के लिए एबी डिविलियर्स और इकबाल अब्दुल्ला की गुजरात लायंस के खिलाफ 91 रन की नाबाद साझेदारी है. रिंकू सिंह ने जिम्मेदारी उठाते हुए शानदार बल्लेबाजी की. उन्होंने कुछ बेहतरीन शॉट लगाए, जिनमें एक अहम स्लॉग स्वीप छक्का भी शामिल था, जिसने मैच का मोमेंटम पूरी तरह बदल दिया.
दूसरी ओर, अनुकूल रॉय ने भी उनका भरपूर साथ निभाया. उन्होंने तेज गेंदबाजों के खिलाफ आत्मविश्वास से बल्लेबाजी की और लगातार रन बनाते रहे. दोनों बल्लेबाजों ने समझदारी से स्ट्राइक रोटेट की, सही गेंदबाजों को निशाना बनाया और जरूरी रनगति को कभी ज्यादा नहीं बढ़ने दिया. आखिरी ओवर तक आते-आते मैच पूरी तरह केकेआर के पक्ष में झुक चुका था. टीम ने दो गेंद बाकी रहते जीत हासिल कर ली. रिंकू सिंह 53 रन बनाकर नाबाद लौटे, जबकि अनुकूल रॉय ने 29 रन की अहम पारी खेली. जिस मुकाबले में केकेआर की हार लगभग तय लग रही थी, उसे इन दोनों खिलाड़ियों ने शानदार साझेदारी के दम पर यादगार जीत में बदल दिया.
इससे पहले कोलकाता नाइट राइडर्स के गेंदबाजों ने राजस्थान रॉयल्स को 155/9 के स्कोर पर रोककर जीत की मजबूत नींव रखी थी. वरुण चक्रवर्ती ने अपनी फिरकी और विविधताओं से बल्लेबाजों को खूब परेशान किया, जबकि दूसरे छोर से सुनील नरेन ने रनगति पर अंकुश लगाए रखा. दोनों स्पिनरों ने मध्य ओवरों में राजस्थान की बल्लेबाजी की कमर तोड़ दी और टीम लगातार विकेट गंवाती चली गई. हालांकि राजस्थान रॉयल्स ने भी गेंदबाजी में जोरदार वापसी की और शुरुआती विकेट लेकर केकेआर को दबाव में डाल दिया.