KKR vs RR: मैदान पर जब दबाव बढ़ता है तो कुछ खिलाड़ी बिखर जाते हैं और कुछ रिंकू सिंह बन जाते हैं. ईडन गार्डन्स के शोर के बीच हार और जीत के फासले को अपनी जुझारू पारी से खत्म करने वाले रिंकू ने आखिरकार अपनी चुप्पी तोड़ी है. आखिर उस वक्त उनके जहन में क्या चल रहा था? क्या वो वाकई गुस्से में थे? आइए जानते हैं जीत के हीरो की जुबानी.
IPL 2026 का 28वां मैच रविवार, 19 अप्रैल को कोलकाता में कोलकाता नाइट राइडर्स और राजस्थान रॉयल्स के बीच खेला गया. एक रोमांचक मुकाबले में, कोलकाता की टीम ने दो गेंदें शेष रहते हुए चार विकेट से जीत हासिल कर ली. मैच के हीरो कोई और नहीं बल्कि टीम के उप-कप्तान रिंकू सिंह खुद थे. 156 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए उन्होंने 53 रनों की एक जुझारू और नाबाद पारी खेली और अपनी टीम को जीत दिलाने के बाद ही ड्रेसिंग रूम लौटे.
क्या गुस्से में थे रिंकू सिंह?
मैच के बाद जब उनसे पूछा गया कि क्या बल्लेबाजी करते समय उन्हें गुस्सा आ रहा था तो उन्होंने जवाब दिया, ‘कभी-कभी ऐसा होता है जब चीजें आपके हिसाब से नहीं चल रही होतीं, तो आप वह तीव्रता महसूस करते हैं. हालांकि ऐसा नहीं था कि मैं अपने शॉट्स खेलने में हिचकिचा रहा था या मुझे कोई अनिश्चितता महसूस हो रही थी. मेरा एकमात्र इरादा मैच को बिल्कुल आखिरी तक ले जाना था. मैंने इस बारे में कोच और अपने बल्लेबाजी पार्टनर दोनों से बात की थी. उद्देश्य खेल को आखिर तक ले जाना था क्योंकि मैच एक नाजुक मोड़ पर पहुँच चुका था.’
जब उनसे उनकी पारी के दौरान मिली जीवनदान के बारे में पूछा गया तो रिंकू ने कहा, ‘ऐसी चीजें कभी-कभी हो जाती हैं. उन पलों में, दिमाग हमेशा साफ तौर पर काम नहीं करता, और आप गलत शॉट्स खेल बैठते हैं. लेकिन शुक्र है कि किस्मत मेरे साथ थी और आखिरकार हम मैच जीतने में कामयाब रहे. राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ इस शानदार जीत पर अपने विचार साझा करते हुए, रिंकू ने कहा, ‘यह जीत हमारे मनोबल को बहुत बड़ा बढ़ावा देगी. हम आगे भी इस लय को बनाए रखने की पूरी कोशिश करेंगे.’
KKR की इस सीजन की पहली जीत
राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ यह जीत KKR की इस मौजूदा सीज़न की पहली जीत है. कोलकाता में टॉस जीतकर और पहले बल्लेबाजी करने का फैसला करते हुए राजस्थान रॉयल्स ने अपने निर्धारित 20 ओवरों में कुल 155/9 रन बनाए. इस लक्ष्य का पीछा करते हुए KKR की टीम ने 19.4 ओवरों में सफलतापूर्वक यह लक्ष्य हासिल कर लिया जिसमें उनके छह विकेट गिरे. रिंकू सिंह सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी बनकर उभरे.