SRH vs CSK predicted playing XI: आज 18 अप्रैल, शनिवार को जब हैदराबाद के राजीव गांधी इंटरनेशनल स्टेडियम में सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) और चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) की टीमें आमने-सामने होंगी, तो एक बार फिर सबकी निगाहें हैदराबाद की युवा तेज गेंदबाज जोड़ी प्रफुल्ल हिंगे और साकिब हुसैन पर टिकी होंगी. आईपीएल 2026 के इस रोमांचक मुकाबले में इन दोनों युवाओं के कंधों पर बड़ी जिम्मेदारी है.
हैदराबाद के स्पीड स्टार्स का जलवा
विदर्भ के 24 वर्षीय तेज गेंदबाज प्रफुल्ल हिंगे ने पिछले मैच में राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ कहर बरपाया था. उन्होंने पहले ही ओवर में लय पकड़ी और राजस्थान के टॉप ऑर्डर जैसे वैभव सूर्यवंशी, ध्रुव जुरेल और लुआन-ड्रे प्रिटोरियस को पूरी तरह तहस-नहस कर दिया. कप्तान रियान पराग का बड़ा विकेट लेकर उन्होंने 4/34 के शानदार आंकड़ों के साथ मैच खत्म किया.
प्रफुल्ल का बखूबी साथ निभाया बिहार के 21 वर्षीय साकिब हुसैन ने. साकिब ने मिडिल ओवर्स में अपनी चतुराई भरी विविधताओं से राजस्थान के बल्लेबाजों को खूब छकाया और 4 विकेट चटकाए. इन दोनों की घातक गेंदबाजी की बदौलत ही राजस्थान की टीम 216 रनों का पीछा करते हुए महज 159 पर ढेर हो गई थी.
चेन्नई की चिंता: गायकवाड़ की फॉर्म और चोटिल खिलाड़ी
सनराइजर्स की नजरें अब चेन्नई के कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ पर होंगी, जिनका बल्ला इस सीजन अब तक खामोश रहा है. 5 पारियों में उनका बेस्ट स्कोर सिर्फ 28 रन है. हालांकि, सीएसके के लिए राहत की बात संजू सैमसन की फॉर्म है. संजू ने दिल्ली के खिलाफ नाबाद शतक और कोलकाता के खिलाफ 48 रनों की पारी खेलकर अपनी लय हासिल कर ली है. गायकवाड़ की खराब फॉर्म को देखते हुए चेन्नई उन्हें मिडिल ऑर्डर में भेजकर युवा आयुष म्हात्रे को प्रमोट करने पर विचार कर सकती है, जिन्होंने पिछली 4 पारियों में दो अर्धशतक जड़े हैं।
मुश्किलें कम नहीं हैं
पांच बार की चैंपियन चेन्नई अभी भी एमएस धोनी के बिना खेल रही है (उनके मुंबई वाले अगले मैच में फिट होने की उम्मीद है). बाएं हाथ के तेज गेंदबाज खलील अहमद चोट (क्वाड्रिसेप्स इंजरी) के कारण पूरे सीजन से बाहर हो गए हैं. नाथन एलिस पहले से ही बाहर हैं। ऐसे में मुकेश चौधरी या रामकृष्ण घोष को टीम में जगह मिल सकती है.
दोनों टीमों की संभावित प्लेइंग XI
चेन्नई सुपर किंग्स (CSK): संजू सैमसन (विकेटकीपर), ऋतुराज गायकवाड़ (कप्तान), आयुष म्हात्रे, सरफराज खान, शिवम दुबे, डेवाल्ड ब्रेविस, जेमी ओवरटन, नूर अहमद, अंशुल कंबोज, गुरजपनीत सिंह, मैट हेनरी/मुकेश चौधरी.
सनराइजर्स हैदराबाद (SRH): अभिषेक शर्मा, ट्रेविस हेड, ईशान किशन (विकेटकीपर/कप्तान), हेनरिक क्लासेन, सलिल अरोड़ा, अनिकेत वर्मा, नीतीश कुमार रेड्डी, हर्ष दुबे, शिवांग कुमार, प्रफुल्ल हिंगे, ईशान मलिंगा.