SRH vs CSK weather Forecast: राजीव गांधी इंटरनेशनल स्टेडियम सज चुका है एक धमाकेदार मैच के लिए, सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) अपने घर में चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) की मेजबानी कर रही है. टूर्नामेंट के इस 27वें मैच में दोनों टीमें एक ही पायदान पर खड़ी हैं, 5 मैचों में 2 जीत. ऐसे में यह मुकाबला सिर्फ दो अंकों का नहीं बल्कि सीजन की लय पकड़ने का है.
कौन किस पर भारी?
सनराइजर्स हैदराबाद की बात करें तो SRH की टीम इस समय सातवें आसमान पर है. पिछले मैच में उन्होंने अजेय राजस्थान रॉयल्स को 57 रनों से धूल चटाई थी. ईशान किशन की कप्तानी में जैसे हैदराबाद ने निडर होकर क्रिकेट खेलने की कसम खाई है. ट्रेविस हेड और अभिषेक शर्मा की जोड़ी फिलहाल टूर्नामेंट की सबसे खतरनाक ओपनिंग जोड़ी बनी हुई है. गेंदबाजी में हैदराबाद के पास दो नए ‘एक्स-फैक्टर’ हैं, प्रफुल्ल हिंगे और साकिब हुसैन. दोनों ने ही पिछले मैच में 4-4 विकेट लेकर तहलका मचा दिया था. हालांकि, नियमित कप्तान पैट कमिंस की कमी टीम को खल सकती है, खासकर डेथ ओवरों की गेंदबाजी और कप्तानी के फैसलों में.
चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) की बात करें तो शुरुआती झटकों के बाद CSK ने लगातार दो जीत दर्ज कर वापसी कर ली है. लेकिन आज उनके सामने सबसे बड़ी चुनौती है, MS धोनी की गैरमौजूदगी. धोनी पैर की चोट के कारण बाहर हैं. ऐसे में संजू सैमसन टीम के असली संकटमोचक बनकर उभरे हैं, जिन्होंने पिछले मैच में शानदार शतक जड़ा था. उनके साथ शिवम दुबे और डेवाल्ड ब्रेविस जैसे पावर-हिटर्स की फौज है. SRH के तूफानी बल्लेबाजों को रोकने के लिए चेन्नई अपने ‘स्पिन जाल’ यानी नूर अहमद पर भरोसा करेगी.
राजीव गांधी स्टेडियम का पिच रिपोर्ट
हैदराबाद की पिच अपनी पारंपरिक पहचान यानी काली मिट्टी के लिए जानी जाती है. नई गेंद बल्ले पर अच्छे से आएगी, जो हेड और अभिषेक जैसे बल्लेबाजों के लिए दावत की तरह होगी. जैसे-जैसे खेल आगे बढ़ेगा, पिच धीमी होती जाएगी. यहाँ ‘हिट द डेक’ गेंदबाज और धीमी गति की विविधताओं का इस्तेमाल करने वाले सफल रहेंगे. पिच सूखी होने के कारण स्पिनर्स को टर्न और ग्रिप मिलने की पूरी उम्मीद है. अगर रात में ओस गिरती है, तो स्पिनर्स के लिए गेंद पकड़ना मुश्किल होगा और लक्ष्य का पीछा करना आसान हो जाएगा. यहां 175–185 का स्कोर एक कड़ा मुकाबला दे सकता है.
मौसम का मिजाज कैसा रहेगा?
मैच के दौरान हैदराबाद का मौसम खिलाड़ियों का कड़ा इम्तिहान लेगा. दोपहर में पारा 38°C तक जा सकता है, जो काफी थका देने वाला होगा. टॉस शाम 7 बजे है तो इस समय तापमान 31°C के आसपास रहेगा. रात होते-होते मौसम सुहाना हो जाएगा और तापमान गिरकर 27°C तक आ जाएगा. राहत की बात यह है कि बारिश की संभावना केवल 5% है, यानी हमें पूरा 40 ओवर का खेल देखने को मिलेगा.