Hyderabad Crime: तेलंगाना के हैदराबाद से एक बेहद हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है. इस खबर को पढ़कर आप भी सोच में पड़ जाएंगे कि आखिर कोई ऐसा कैसे कर सकता है. जिससे शादी हुई उसी ने गैंगरेप कराया. दरअसल, एक नवविवाहिता ने अपने पति और उसके दोस्तों पर गैंगरेप का आरोप लगाया है. हैरान करने वाली बात यह है कि आरोपी पति ने सुहागरात को ही पत्नी को दूसरे मर्दों के हवाले कर दिया.
पुलिस के अनुसार पीड़िता ने हाल ही में शिकायत दर्ज कराई, जिसमें उसने बताया कि यह घटना उसकी शादी की रात ही हुई थी. महिला का आरोप है कि 28 जुलाई 2025 को उसने आंध्र प्रदेश के नेल्लोर जिले के एक व्यक्ति से कुकटपल्ली स्थित सब-रजिस्ट्रार कार्यालय में विवाह किया था.
दुल्हन ते बेहोश होने पर किया गैंगरेप
पीड़िता ने पुलिस को बताया कि शादी के बाद दोनों बेगमपेट के एक किराए के मकान में रहने लगे. शादी की रात उसके पति ने अपने पांच दोस्तों को घर बुलाया, जहां सभी ने शराब का सेवन किया और उन्हें भी जबरन शराब पिलाई गई. महिला के मुताबिक जब वह बेहोश हो गई, तब उसके पति और उनके दोस्तों ने उनके साथ गैंगरेप किया.
शिकायत के आधार पर बेगमपेट पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है. बताया जा रहा है कि सभी आरोपी फिलहाल फरार हैं और उनकी तलाश जारी है. इससे पहले पीड़िता ने कुकटपल्ली पुलिस स्टेशन से संपर्क किया था, लेकिन घटना का स्थान बेगमपेट क्षेत्र में होने के कारण मामला वहां ट्रांसफर कर दिया गया.
विधवा मां और छोटी बहन के साथ रहती है पीड़िता
पीड़िता कुकटपल्ली में अपनी विधवा मां और छोटी बहन के साथ रहती है. पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा.
इस घटना पर राष्ट्रीय महिला आयोग (एनसीडब्ल्यू) ने स्वतः संज्ञान लेते हुए राज्य पुलिस से विस्तृत रिपोर्ट तलब की है. महिला आयोग की चेयरपर्सन ने तेलंगाना के पुलिस महानिदेशक को निर्देश दिया है कि मामले में तत्काल प्रभाव से प्राथमिकी (एफआईआर) दर्ज की जाए, सभी आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाए और जांच को निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरा किया जाए.
पीड़िता की सुरक्षा के लिए भी दिए गए निर्देश
इसके अलावा आयोग की ओर से पीड़िता की सुरक्षा के लिए पर्याप्त कदम उठाने के भी निर्देश दिए गए हैं. आयोग ने सात दिनों के भीतर कार्रवाई रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा है. एनसीडब्ल्यू ने अपने बयान में इस घटना को महिला की गरिमा, शारीरिक स्वायत्तता और विवाह संस्था की पवित्रता का गंभीर उल्लंघन बताया है. साथ ही कहा कि यह घटना समाज के लिए अत्यंत चिंताजनक है. फिलहाल पुलिस की कार्रवाई जारी है.