Maharashtra Crime News: महाराष्ट्र के मुंबई से एक बेहद गंभीर और शर्मनाक मामला सामने आया है. पूरा मामला कुरार इलाके का है, जहां एक ऑटो रिक्शा चालक ने लड़की का छिपकर वीडियो (MMS) बनाया, फिर उसे ब्लैकमेल करने और जबरन संबंध बनाने की कोशिश की. पुलिस के अनुसार पीड़ित लड़की कुरार से मालाड स्थित KFC जाने के लिए ऑटो लेने वाली थी, तभी आरोपी चालक मोहम्मद अफजल आसिफ खान ने उसे अपने ऑटो में बैठाया और सफर के दौरान अपने मोबाइल से चुपके से उसका वीडियो बनाने लगा.
इसके बाद लड़की को शक हुआ, लेकिन उसने तुरंत कुछ नहीं कहा, जब वह KFC पहुंची और पैसे देने लगी, तब भी आरोपी वीडियो बनाता रहा. विरोध करने पर आरोपी ने वीडियो वायरल करने की धमकी दी और जबरन संबंध बनाने की कोशिश की.
ट्रैफिक पुलिस ने आरोपी को पकड़ा
वहीं घटना के वक्त मौके पर मौजूद समता नगर ट्रैफिक पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए आरोपी को मौके पर ही हिरासत में ले लिया और उसे कुरार पुलिस के हवाले कर दिया.
कुरार पुलिस के अधिकारी उमेश पाटील के मुताबिक, पीड़िता का बयान दर्ज कर लिया गया है और आरोपी के खिलाफ छेड़छाड़, बिना अनुमति वीडियो बनाने और धमकी देने जैसी गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया गया है.
किन-किन आरोपों के दर्ज हुए मामले
आरोपी पर महिला से छेड़छाड़ करने, बिना इजाजत वीडियो बनाने, ब्लैकमेल करने और धमकी देने के साथ-साथ जबरन संबंध बनाने के प्रयास का मामला दर्ज किया गया है.
फिलहाल कुरार पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी हुई है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि आरोपी ने पहले भी ऐसी वारदातें की हैं या नहीं.
बता दें कि इन दिनों महाराष्ट्र में इस तरह के कई मामले सामने आ चुके हैं. साथ ही नासिक और अमरावती अश्लील वीडियो के मामलों से हड़कंप मचा हुआ है. इस बीच मुंबई से यह एक और मामला सामने आ गया है.