फिल्म निर्माता और कोरियोग्राफर अहमद खान और बॉलीवुड अभिनेता शाहिद कपूर के बीच गहरी दोस्ती रही है. दोनों बचपन से एक-दूसरे को जानते हैं और शाहिद के शुरुआती कई प्रोजेक्ट्स में साथ काम भी किया है. हालांकि, 2015 में दोनों के बीच अनबन की खबरें तब फैलने लगीं जब अहमद ने एक इंटरव्यू में खुलासा किया कि चक्कर आने के गंभीर दौरे के बाद अस्पताल में भर्ती होने पर शाहिद उनसे मिलने नहीं आए थे. अब अहमद खान ने शाहिद संग अपने रिश्ते पर बात की है.
क्या शाहिद कपूर संग अहमद खान नहीं करेंगे काम?
हाल ही में अहमद खान News18 के साथ एक बातचीत में शामिल हुए. उन्होंने शाहिद कपूर के साथ अपने के बार में बात की और भविष्य में उनके साथ दोबारा काम करने की संभावना पर भी चर्चा की. उन्होंने कहा, ‘मैंने ‘आंखों में तेरा ही चेहरा’ (90 के दशक में बैंड आर्यन्स के म्यूजिक वीडियो में शाहिद का डेब्यू) और उनकी पहली फिल्म ‘इश्क विश्क’ में कोरियोग्राफर के तौर पर काम किया. फिर मैंने ‘फूल एंड फाइनल’ में उन्हें निर्देशित किया. उसके बाद मैंने ‘पाठशाला’ का निर्माण किया जिसमें उन्होंने एक भूमिका निभाई. लेकिन हाल के वर्षों में, वह एक खास तरह की फिल्में कर रहे हैं जो वह करना चाहते हैं. वहीं दूसरी ओर, मैं एक खास तरह की फिल्में बना रहा हूं जो मैं बनाना चाहता हूं. हम तभी दोबारा साथ काम करेंगे जब हमारी सोच एक जैसी होगी.’
शाहिद के साथ अपनी दोस्ती पर क्या बोले?
अहमद खान ने माना कि शाहिद कपूर से अब उनकी मुलाकातें पहले की तरह अक्सर नहीं होतीं क्योंकि ज़िंदगी ने उन्हें अलग-अलग राहों पर ला दिया है. उन्होंने कहा, ‘मतलब, हम ज्यादा मिलते नहीं हैं. हम बचपन के दोस्त हैं. हमारी दोस्ती तब शुरू हुई जब मैं 11 साल का था और वो सिर्फ 7 साल का. तो हमारी दोस्ती करीब 30 साल पहले शुरू हुई थी. लेकिन ये काम ही ऐसा है ना कि इसमें कई नए दोस्त आते हैं. इतने सारे नए लोगों से दोस्ती हो जाती है कि आप भूल जाते हैं कि आपके असली दोस्त कौन हैं. अब हमारी जीवनशैली बदल गई है.’
शाहिद कपूर और अहमद खान का वर्कफ्रंट
वर्क फ्रंट की बात करें तो अहमद खान इन दिनों ‘वेलकम टू द जंगल’ के निर्देशन को लेकर चर्चा में हैं. वहीं, शाहिद कपूर हाल ही में ‘कॉकटेल 2’ में नजर आए.
यह खबर भी पढ़ें: ‘मैं कभी सबसे महंगी एक्ट्रेस नहीं रही…’ हेमा मालिनी ने फीस को लेकर किया बड़ा खुलासा