संगीत की दुनिया की महान गायिका आशा भोसले का एक किस्सा काफी मशहूर है. सिंगर एक इवेंट में पहुंची और गाते समय जोरदार बारिश होने लगी. सब इधर-उधर भागने लगे, लेकिन गायिका ने हार नहीं मानी. फिर बारिश के बावजूद आशा भोसले ने 22 गाने गा डाले. चलिए जानते हैं पूरा किस्सा.
क्या है वो किस्सा?
फ्री प्रेस जर्नल की एक रिपोर्ट के अनुसार आशा भोसले ने भारतीय संगीत को कुछ सबसे यादगार पल दिए. लेकिन पुणे की एक रात शायद उनकी सबसे अविस्मणीय रात रही. सिंगर रामनबाग स्कूल के मैदान में आशा भोसले का एक कार्यक्रम आयोजित था. प्रस्तुति से पहले भारी बारिश होने लगी. लेकिन इसके बावजूद सिंगर ने गाना बंद नहीं किया और 22 गाने गा डाले. इसके बाद दर्शकों ने खड़े होकर तालियां बजाई. शो के दौरान जब अचानक तेज बारिश शुरू हुई तो अभिनेता नाना पाटेकर और कार्यक्रम के उद्घोषक उन्हें छाते से बचाने के लिए मंच पर दौड़े. लेकिन वो गाने में ही मस्त रही.
आशा भोसले ने पूछा ऐसा सवाल कि दंग रह गए लोग
जब कार्यक्रम में तेज बारिश शुरू हुई, तो आशा भोसले ने दर्शकों की ओर मुड़कर एक सीधा सा सवाल पूछा. क्या वे चले जाएंगे या फिर उनका गाना सुनने के लिए रुकेंगे? भीड़ ने जोरदार आवाज में जवाब दिया कि वे यहीं रहेंगे. फिर उन्होंने छाता एक तरफ रख दिया. अपनी साड़ी को ठीक से समेटा और वहीं से गाना शुरू कर दिया जहां उन्होंने छोड़ा था. केवल एक हारमोनियम के साथ गायिका आशा भोसले ने अपने गाने से सबको दीवाना बना लिया. सिंगर सिर से पैर तक भीगी हुई अवस्था में भी बिना रुके लगातार 22 गाने गाए. दर्शक भी जाने को तैयार नहीं थे और और लगातार खड़े होकर जोरदार तालियां बजाते रहे.
12 अप्रैल को हुआ निधन
महान गायिका आशा भोसले का 12 अप्रैल 2026 को 92 वर्ष की आयु में निधन हो गया. उनका अंतिम संस्कार 13 अप्रैल को मुंबई के शिवाजी पार्क में हुआ. उन्हें राजकीय सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी गई.