Bollywood Evergreen Song: आज की कॉर्पोरेट जिंदगी में काम का दबाव, टारगेट, मीटिंग और नौकरी की चिंता आम बात है. सुबह ऑफिस के लिए निकलने से लेकर शाम तक काम में जुटे रहने वाले लोगों को कई बार लगता है कि उनकी पूरी जिंदगी काम के इर्द-गिर्द घूम रही है. दिलचस्प बात यह है कि करीब 55 साल पहले हिंदी सिनेमा में इसी सोच को बेहद सरल अंदाज में एक गाने के जरिए पेश किया गया था. यह गाना आज भी सुनें तो ऐसा लगता है जैसे यह किसी आज के ऑफिस कर्मचारी की कहानी कह रहा हो.
यह गाना है ‘दुनिया में रहना है तो काम कर प्यारे’, जिसे 1971 में आई फिल्म ‘हाथी मेरे साथी’ में दिखाया गया था. राजेश खन्ना पर फिल्माए गए इस गाने को किशोर कुमार ने अपनी शानदार आवाज दी थी. आनंद बक्शी के बोल और लक्ष्मीकांत-प्यारेलाल का संगीत इसे ऐसा रूप देते हैं, जिसमें मनोरंजन के साथ जिंदगी की एक सीधी-सी सीख भी छिपी है.
काम और जिंदगी का सीधा हिसाब
गाने की सबसे खास बात इसकी भाषा है. इसमें कोई मुश्किल दर्शन नहीं है. बात बिल्कुल साधारण तरीके से कही गई है कि जिंदगी में आगे बढ़ना है तो मेहनत करनी होगी. यही वजह है कि कई दशक गुजरने के बाद भी इसके बोल पुराने नहीं लगते. आज का कर्मचारी हो या रोज कमाकर घर चलाने वाला इंसान, काम की अहमियत हर किसी की जिंदगी में है. शायद इसी वजह से यह गाना अलग-अलग दौर के लोगों से जुड़ता रहा है.
राजेश खन्ना और हाथियों की कहानी
‘हाथी मेरे साथी’ सिर्फ एक गाने की वजह से याद नहीं की जाती. फिल्म में राजेश खन्ना ने राजू नाम के किरदार को निभाया था, जिसका चार हाथियों से बेहद गहरा रिश्ता होता है. फिल्म की कहानी इंसान और जानवरों के बीच बने भरोसे और लगाव को भी सामने लाती है. फिल्म का निर्देशन एम.ए. थिरुमुगम ने किया था. वहीं इसकी पटकथा सलीम-जावेद ने लिखी थी। फिल्म देवर फिल्म्स के बैनर तले बनी थी.
बॉक्स ऑफिस पर भी रहा जलवा
1971 में रिलीज हुई यह फिल्म दर्शकों के बीच जबरदस्त लोकप्रिय हुई. इसका संगीत भी खूब पसंद किया गया. राजेश खन्ना की लोकप्रियता, किशोर कुमार की आवाज और लक्ष्मीकांत-प्यारेलाल के संगीत ने फिल्म के गानों को लंबे समय तक लोगों की जुबान पर बनाए रखा. फिल्म से जुड़ा एक दिलचस्प किस्सा भी सामने आता है. बताया जाता है कि वर्षों बाद एक हाथी ने एक्ट्रेस तनुजा को पहचान लिया था. वह अपनी बेटी काजोल के साथ सर्कस पहुंची थीं, जहां हाथी ने उनकी साड़ी का पल्लू पकड़ लिया.
ये भी पढ़ें: Mr. Faisu Wedding Card: जन्नत जुबैर नहीं… कौन है फैजू की दुल्हन? निकाह का कार्ड हुआ वायरल; डेट भी हुई रिवील