Samantha Ruth Prabhu Business: साउथ सिनेमा की मशहूर एक्ट्रेस सामंथा रूथ प्रभु इन दिनों अपनी फिल्मों के साथ-साथ बिजनेस को लेकर भी चर्चा में हैं. पर्दे पर अपनी एक्टिंग से दर्शकों का दिल जीतने वाली सामंथा ने कारोबार की दुनिया में भी अपनी पहचान बनाई है. उनके फ्रैगरेंस ब्रांड ‘सीक्रेट अल्केमिस्ट’ ने 120 करोड़ रुपये से ज्यादा का रेवेन्यू हासिल कर लिया है. खास बात यह है कि पिछले आठ महीनों में ब्रांड ने आठ गुना ग्रोथ दर्ज की है.
बता दें कि सामंथा ने ‘सीक्रेट अल्केमिस्ट’ की शुरुआत अंकिता थडानी और आकाश वली के साथ मिलकर की थी. यह ब्रांड खुशबू से जुड़े प्रोडक्ट्स के लिए जाना जाता है. कंपनी का फोकस क्लीन फॉर्मूलेशन पर है यानी प्रोडक्ट्स में इस्तेमाल होने वाली सामग्री और उनकी गुणवत्ता पर खास ध्यान दिया जाता है.
एक्ट्रेस के पास हैं कई बिजनेस
सीक्रेट अल्केमिस्ट के अलावा भी सामंथा कई बिजनेस से जुड़ी हुई हैं. साल 2020 में उन्होंने सुश्रुति कृष्णा के साथ ‘साकी’ नाम से फैशन और लाइफस्टाइल ब्रांड शुरू किया था. इसका उद्देश्य भारतीय महिलाओं के लिए मॉडर्न स्टाइल के कपड़े और दूसरे प्रोडक्ट उपलब्ध कराना है. इसके अलावा सामंथा ‘माइल कलेक्टिव’ से भी जुड़ी हैं, जो एक्टिववियर और लाइफस्टाइल से संबंधित ब्रांड है. उन्होंने सप्लीमेंट ब्रांड ‘गटाका’ की शुरुआत में भी भागीदारी की है. इस तरह एक्ट्रेस मनोरंजन के साथ-साथ कई कारोबारी क्षेत्रों में अपनी मौजूदगी दर्ज करा रही हैं.
फिल्मों में भी दिख रहा है दम
सामंथा के लिए कामयाबी का सिलसिला फिल्मों में भी जारी है. उनकी फिल्म ‘मा इंटी बंगाराम’ में उन्होंने मुख्य भूमिका निभाने के साथ प्रोड्यूसर की जिम्मेदारी भी संभाली. फिल्म ने 100 करोड़ रुपये से ज्यादा की कमाई करने का दावा किया है. बीवी नंदिनी रेड्डी के निर्देशन में बनी इस तेलुगु फिल्म में गुलशन देवैया और दिगंत मनचले भी नजर आए. फिल्म का संगीत संतोष नारायणन ने तैयार किया.