Love Secret Tips: प्यार करना और प्यार समझना दो अलग-अलग बातें हैं. रिश्ते बनाना और फिर उनको निभाना इतना आसान काम नहीं है. जिसने पार्टनर को समझ लिया वो पास हो गया, नहीं तो फेल. इसी के फेर में अक्सर रिश्ते बनते और बिगड़ते हैं. फिर शुरू होता है गलतियों की भरपाई करने का दौर. लेकिन, एक बात बता दूं कि, बिगड़े रिश्ते को सुधारने और किसी की जिंदगी में अपनी जगह बनाने में सालों लग जाते हैं. इतना लंबा इंतजार कई बार रिश्तों के बीच बनी खाई को और गहरा बना देता है. लेकिन, एक बेहद आसान फॉर्मूला है, जिसके जरिए पार्टनर एक-दूसरे से कभी अलग नहीं हो पाएंगे. ताउम्र एक-दूसरे के प्यार में गोता लगा सकते हैं. जी हां, इसके लिए बस हर दिन केवल और केवल 60 सेकंड देना होगा. अब सवाल है कि आखिर, रिश्ते को मजबूत बनाने का फॉर्मूला क्या है? किन टिप्स से किसी खास की दुनिया में अपनी जगह बना सकते हैं? आइए जानते हैं इस बारे में-
60 सेकेंड की झप्पी का फॉर्मूला
रुठे साथी को मनाने या उससे प्यार जताने में प्यार की झप्पी औषधि की तरह काम करती है. लेकिन, ध्यान रखने वाली बात यह है कि, ये झप्पी 20-30 सेकेंड की नहीं, पूरे 60 सेकंड की होनी चाहिए. बता दें कि, इस फॉर्मूला के पीछे एक वैज्ञानिक कारण है. विज्ञान मानता है कि जब आप अपने पार्टनर को 60 सेकेंड तक छूते हैं या गले लगाते हैं तो उसके शरीर में इस दौरान ऑक्सिटोसिन और डोपामाइन जैसे प्लेजर हार्मोन का उत्सर्जन बढ़ जाता है. इसकी वजह से व्यक्ति सकारात्मक और ऊर्जावान महसूस करता है. इस पूरी प्रक्रिया की वजह से एक-दूसरे के साथ ऐसे ही बने रहने की इच्छा प्रबल होने लगती है.
किसी खास के दिल में जगह बनाने के टिप्स
प्यार भरे मैसेज भेजें: ये टाइम सोशल मीडिया का है. इसलिए अपने पार्टनर को लव मैसेज भेजकर यह बताओ कि आप उनसे कितना प्यार करते हैं. साथ बिताए गए लम्हों की कुछ तस्वीरें या कुछ यादें उन्हें सेंड कर सकते हैं. ऐसा करने में आपको 60 सेकेंड से ज्यादा वक्त नहीं लगेगा.
पार्टनर की पसंद का काम करें: अपने पार्टनर की पसंद-नापसंद को तो आप जानते ही होंगे. बाजार से उनके पसंद की कोई चीज ले आएं या घर में ही बना लीजिए. छोटी-छोटी बातें रिश्ते को मजबूत बनाने में अहम भूमिका निभाती हैं.
एक-दूसरे की आंखों में खोएं: एक-दूसरे का हाथ पकड़कर एक दूजे की आंखों में देखें. 60 सेकेंड तक ऐसा करने से आप दोनों के अंदर प्यार वाले हार्मोन्स पनपने लगेंगे. आपका पार्टनर आपसे दूर नहीं रह पाएगा.
एक-दूजे का हर वक्त साथ: छोटी-छोटी बातों में यह दिखता है कि आप अपने पार्टनर से कितना प्यार करते हैं और बदले में वह भी आपसे उतना ही प्यार करता है या नहीं. साथी के जीवन में सबसे खास बनने के लिए जरूरी है कि आप उसका साथ कभी न छोड़ें. उसे सपोर्ट करें और बातों-बातों में जताएं कि आप किसी भी कीमत पर उनका साथ नहीं छोड़ेंगे.
तारीफ करें: किसी को खुश करने का यह सबसे आसान तरीका है. अपने पार्टनर के सकारात्मक पक्षों को देखें और उन्हें सराहें. कभी-कभी झूठी तारीफ भी काम कर जाती है. पर हमेशा झूठी तारीफ न करें. इससे बात बनने की बजाय बिगड़ सकती है.