नई दिल्ली में 12 और 13 सितंबर को 18वां ब्रिक्स शिखर सम्मेलन (BRICS Summit) आयोजित होने जा रहा है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस खास मौके पर ब्रिक्स के सदस्य देशों और पार्टनर देशों के प्रमुखों का स्वागत करेंगे. कार्यक्रम की शुरुआत शनिवार, 12 सितंबर को होगी, जिसमें 11 ब्रिक्स सदस्य देशों के नेता शामिल होंगे. इसके बाद रविवार, 13 सितंबर को पार्टनर देशों और खास आमंत्रित देशों के नेता इस सम्मेलन से जुड़ेंगे.
इस साल ब्रिक्स की अध्यक्षता भारत कर रहा है. सम्मेलन का आयोजन दिल्ली के प्रगति मैदान स्थित भारत मंडपम में किया जाएगा. इसमें व्यापार, निवेश, ऊर्जा और भोजन की सुरक्षा, सप्लाई चेन और वैश्विक शासन जैसे अहम मुद्दों पर चर्चा होगी.
ब्रिक्स के सदस्य देश और उनके प्रतिनिधि
- भारत: नरेंद्र मोदी (प्रधानमंत्री)
- चीन: शी जिनपिंग (राष्ट्रपति)
- रूस: व्लादिमीर पुतिन (राष्ट्रपति)
- दक्षिण अफ्रीका: सिरिल रामाफोसा (राष्ट्रपति)
- ईरान: मसूद पेज़ेशकियान (राष्ट्रपति)
- मिस्र (Egypt): अब्देल फतह अल-सीसी (राष्ट्रपति)
- इथियोपिया: अबी अहमद (प्रधानमंत्री)
- इंडोनेशिया: प्रबोवो सुबियांतो (राष्ट्रपति)
- संयुक्त अरब अमीरात (UAE): शेख खालिद बिन मोहम्मद बिन जायद अल नहयान (अबू धाबी के क्राउन प्रिंस)
- ब्राजील: मौरो विएरा (विदेश मंत्री)
पार्टनर और आमंत्रित देशों के प्रमुख
- बेलारूस: अलेक्जेंडर लुकाशेंको (राष्ट्रपति)
- कजाकिस्तान: कासिम-जोमार्ट तोकायेव (राष्ट्रपति)
- मलेशिया: अनवर इब्राहिम (प्रधानमंत्री)
- थाईलैंड: अनुतिन चार्नविराकुल (प्रधानमंत्री)
- क्यूबा: मिगुएल डियाज-केनेल (राष्ट्रपति)
- नाइजीरिया: बोला अहमद टीनूबू (राष्ट्रपति)
- उज्बेकिस्तान: शवकत मिर्जियोयेव (राष्ट्रपति)
- युगांडा: जेसिका अलूपो (उपराष्ट्रपति)
- संयुक्त राष्ट्र (UN): एंटोनियो गुटेरेस (महासचिव)
शुक्रवार को ‘ब्रिक्स बिजनेस फोरम’ को संबोधित करेंगे पीएम मोदी
मुख्य सम्मेलन से पहले, शुक्रवार 11 सितंबर को पीएम मोदी ब्रिक्स बिजनेस फोरम को संबोधित करेंगे. इस कार्यक्रम में चीन, रूस, ब्राजील और यूएई समेत कई देशों के बड़े उद्योगपति और बिजनेस लीडर्स शामिल होंगे.
कार्यक्रम का उद्घाटन वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल और विदेश मंत्री एस. जयशंकर करेंगे. इस दौरान खेती, व्यापार, डिजिटल अर्थव्यवस्था और सप्लाई चेन जैसे विषयों पर चर्चा होगी.
चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में शामिल होंगे
चीनी विदेश मंत्रालय ने गुरुवार को घोषणा की कि चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निमंत्रण पर 12 से 13 सितंबर तक नई दिल्ली, भारत में होने वाले 18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में शामिल होंगे.
चीन से आ रहा बड़ा व्यापारिक प्रतिनिधिमंडल
बिजनेस फोरम में हिस्सा लेने के लिए चीन से एक बड़ा व्यापारिक दल भारत पहुंच रहा है. इसमें मुख्य रूप से:
- होउलियांग दाई (CNPC के चेयरमैन)
- लिन लियाओ (ICBC के चेयरमैन)
- मिन वान (चीन COSCO शिपिंग कॉरपोरेशन के चेयरमैन)
- इसके अलावा हुवावे (Huawei) और अलीबाबा (Alibaba) जैसी दिग्गज कंपनियों के वरिष्ठ अधिकारी भी शामिल होंगे.
दुनिया की बड़ी कंपनियों के प्रमुख भी होंगे शामिल
- फ्रांसिस्को गोम्स नेतो (एमब्रायर – एविऐशन)
- गुस्तावो पिमेंटल (वेल – माइनिंग)
- फूथी महानयेले-दाबेंगवा (नेस्पर्स – टेक्नोलॉजी)
- ओलेग बेलोजोरोव (रूसी रेलवे)
- अलेक्जेंडर वेद्याखिन (स्बेरबैंक – बैंकिंग)
कड़े सुरक्षा इंतजाम
सम्मेलन को देखते हुए दिल्ली में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं. हवाई अड्डों, प्रमुख होटलों और भारत मंडपम के आसपास हजारों सुरक्षाकर्मियों को तैनात किया गया है.
क्या है ब्रिक्स (BRICS)?
ब्रिक्स का गठन 2006 में ब्राजील, रूस, भारत और चीन ने मिलकर किया था. साल 2010 में दक्षिण अफ्रीका इसमें शामिल हुआ. इसके बाद 2024 में मिस्र, इथियोपिया, ईरान और यूएई को इसमें जोड़ा गया. बाद में इंडोनेशिया भी इसके पूर्ण सदस्य के रूप में शामिल हुआ.