Delhi Crime: दिल्ली के लाहौरी गेट इलाके में गुरुवार सुबह एक होटल के कमरे में सनसनीखेज वारदात हुई. होटल कर्मचारियों ने कमरे का दरवाजा खोलने की कोशिश की और अंदर से कोई जवाब नहीं मिला. उन्हें कुछ अनहोनी का शक हुआ, तो दरवाजा तोड़ा गया और अंदर का नजारा देखकर उनके होश उड़ गए. कमरे में एक 28 साल की महिला बेहोशी की हालत में पड़ी थी. वहीं उसके पास ही एक पुरुष भी बेसुध मिला.
होटल कर्मचारियों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी. कुछ ही देर में पुलिस की टीम होटल प्रिंस पहुंची. कमरे के अंदर महिला के शरीर पर चाकू से किए गए कई घाव मिले. वहीं, पुरुष गंभीर रूप से घायल हालत में पड़ा था. दोनों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया. डॉक्टरों ने महिला को मृत घोषित कर दिया. वहीं पुरुष का इलाज जारी है.
DCP नॉर्थ ने दी जानकारी
DCP नॉर्थ निहारिका भट्ट ने इस मामले की जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस को सुबह लाहौरी गेट से सूचना मिली थी कि होटल में एक पुरुष और महिला बेहोशी की हालत में मिले हैं. पुलिस मौके पर पहुंची तो महिला कई जगह चाकू के घावों के साथ मिली. उसी कमरे में पुरुष भी बेहोश अवस्था में था.
दो दिन पहले किया था चेक-इन
पुलिस की शुरुआती जांच में पता चला है कि दोनों ने लगभग दो दिन पहले होटल में चेक-इन किया था. महिला बिहार के समस्तीपुर की रहने वाली थी और पुरुष राजस्थान का रहने वाला बताया जा रहा है. घटना के बाद पुलिस दोनों के परिवारों से संपर्क करने की कोशिश कर रही है, ताकि उनकी पहचान और पूरे मामले से जुड़ी अन्य जानकारियां सामने आ सकें.
आत्महत्या की कोशिश का शक
पुलिस को शुरुआती जांच में यह मामला हत्या और आत्महत्या की कोशिश का लग रहा है. आशंका जताई जा रही है कि पहले महिला पर चाकू से हमला किया गया और इसके बाद पुरुष ने अपनी जान लेने की कोशिश की. DCP ने बताया कि पुलिस घटना के पूरे क्रम और परिस्थितियों का पता लगाने में जुटी है. होटल के कर्मचारियों से पूछताछ की जा रही है और कमरे से जुड़े सबूतों की भी जांच की जा रही है. पुरुष के होश में आने और बयान दर्ज होने के बाद मामले की कई अहम कड़ियां सामने आ सकती हैं. वहीं महिला के शव को भी पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है.
ये भी पढ़ें: बीमार रहता था पति, तभी पुजारी को बुलाया घर, गृहशांति के नाम पर किया कुछ ऐसा, पहुंच गया जेल