Gujarat Crime: गुजरात के सुरेंद्रनगर से हैरान करने वाला मामला सामने आया है. यहां बुधवार को पाटड़ी बस स्टेशन इलाके से 4 साल का लड़का अगवा किया गया था. उसे अहमदाबाद की सोलह पुलिस ने बरामद कर लिया है. साथ ही अपहरण की आरोपी 40 वर्षीय महिला रीमा उर्फ रमीला उर्फ टीनी को गिरफ्तार कर लिया है. कहा जा रहा है कि महिला अरवल्ली जिले के भिलोड़ा की रहने वाली है. वो वर्तमान में अहमदाबाद में रह रही थी. महिला से जब पूछताछ की गई, तो उसने बताया कि वो बच्चे से ट्रैफिक सिग्नल पर भीख मंगवाना चाहती थी, जिसके लिए उसे अगवा किया गया है. उसने स्वीकार किया कि बच्चे का अपहरण कर वो पाटड़ी से अपने साथ ले गई थी.
पुलिस को मिला सुराग
जानकारी के अनुसार, ये मामला सुरेंद्रनगर के पाटड़ी बस स्टेशन का है. यहां फुटपाथ पर रहने वाले एक मजदूर परिवार का 4 साल का बच्चा बुधवार को खेलते हुए गायब हुआ था. बच्चे के गायब होने के बाद उसके परिवार ने उसे आसपास ढूंढा लेकिन वो नहीं मिला, तो पुलिस के पास शिकायत लेकर पहुंचे. पुलिस ने बच्चे की तलाश करने की शुरुआत की. पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगाली और वहां एक महिला को देखकर पुलिस को उस पर शक हुआ.
भीख मांगकर गुजारा करती थी महिला
पुलिस ने उस महिला को ढूंढना शुरू किया. पुलिस ने महिला के साथ एक बच्चे को देखा. बच्चे की पहचान की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने उसे बरामद कर लिया. पुलिस ने उसकी पहचान 40 वर्षीय रीमा उर्फ रमीला उर्फ टीनी के रूप में हुई है. वो अहमदाबाद के सोला सिविल अस्पताल के सामने स्थित फ्लाईओवर के नीचे फुटपाथ पर अपने पति के साथ रहती है. वो भीख मांगकर और कबाड़ बीनकर अपना गुजारा करती है. पुलिस ने महिला से पूछताछ की, तो उसने बताया कि वो बच्चे से भीख मंगवाना चाहती थी, जिसके कारण उसने उसे किडनैप किया. सोलह पुलिस ने महिला को गिरफ्तार कर लिया.