Hyderabad Crime: हैदराबाद में ड्रग्स के कथित धंधे को लेकर हुए विवाद ने खूनी रूप ले लिया. पुलिस के मुताबिक, 32 साल के मोहम्मद वसीम की उसके ही दो साथियों ने चाकू मारकर हत्या कर दी. शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपियों को शक था कि वसीम उनके गांजा बेचने के धंधे की जानकारी पुलिस तक पहुंचा रहा था. वारदात के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए. पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है.
एक्सप्रेसवे पर हुआ हमला
पुलिस के अनुसार, यह घटना गुरुवार शाम लगभग 5:30 बजे उप्पारपल्ली इलाके में पीवी नरसिम्हा राव एक्सप्रेसवे पर हुई. बताया जा रहा है कि वसीम अपने दो साथियों सोहेल उर्फ शोएब और इलियास से मिलने पहुंचा था. बातचीत के दौरान किसी बात को लेकर तीनों के बीच बहस शुरू हो गई. बहस इतनी बढ़ गई कि दोनों आरोपियों ने वसीम पर हमला कर दियाय पहले उसके साथ मारपीट की और फिर चाकू से कई वार किए. गंभीर रूप से घायल वसीम को अस्पताल ले जाने के दौरान ही रास्ते में उसकी मौत हो गई.
Another murder in #Hyderabad. 32-year-old Md Waseem was allegedly stabbed to death by two associates in Upparpally under Rajendranagar PS limits. Police suspect a dispute linked to alleged drug-peddling activities. Special teams are searching for the suspects, while CCTV footage… pic.twitter.com/GOR34sDsSD
— Ashish (@KP_Aashish) September 25, 2026
CCTV में कैद हुई पूरी वारदात
इस सनसनीखेज वारदात का CCTV फुटेज भी सामने आया है. फुटेज में वसीम चार अन्य लोगों के साथ नजर आ रहा है. कुछ देर बाद दो लोग अचानक उसके साथ मारपीट और धक्का-मुक्की शुरू करते दिख रहे हैं. इसके बाद मामला और बिगड़ जाता है. एक आरोपी कथित तौर पर चाकू निकालकर वसीम पर हमला कर देता है. वहीं दूसरा उसे लगातार लात मारता दिखाई दे रहा है. वहां मौजूद दो लोग बीच-बचाव करने की कोशिश करते हैं लेकिन हमलावर नहीं रुकते.
पुलिस को जानकारी देने का था शक
राजेंद्रनगर के ACP टी. श्रीनिवास ने इस मामले में जानकारी देते हुए बताया कि शुरुआती जांच में पता चला है कि आरोपियों को शक था कि वसीम गांजा बेचने से जुड़ी जानकारी पुलिस को दे रहा था. इसी शक के कारण उस पर हमला किए जाने की आशंका है. पुलिस के अनुसार, वसीम और दोनों आरोपियों के खिलाफ पहले भी ड्रग्स बेचने से जुड़े मामले दर्ज रहे हैं. पुलिस ने हत्या का केस दर्ज कर लिया है और आरोपियों की तलाश में विशेष टीमें लगाई गई हैं. जांच टीम CCTV फुटेज समेत दूसरे सबूतों की जांच कर रही है. पुलिस का कहना है कि आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद ही हत्या की पूरी वजह सामने आ सकेगी.
ये भी पढ़ें: बिहार में नहीं थम रही हैवानियत! बाइक सवार लड़का-लड़की से बदसलूकी, हाथ जोड़कर गिड़गिड़ाती रही युवती