Marco Rubio: अमेरिका के विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने भारत को दुनिया का एक ताकतवर और प्रभावशाली देश बताया है. उन्होंने कहा कि भारत और अमेरिका के बीच मजबूत रिश्ते 21वीं सदी की दिशा तय करने में अहम भूमिका निभाएंगे. मंगलवार को मुंबई में आयोजित ‘फ्रीडम 250 रिसेप्शन’ कार्यक्रम में बोलते हुए रुबियो ने कहा कि इस क्षेत्र में होने वाली घटनाओं का असर पूरी दुनिया के भविष्य पर पड़ेगा.
मार्को रुबियो ने भारत की अहमियत बताते हुए कहा कि यह दुनिया का सबसे अधिक आबादी वाला देश है और सबसे पुराने लोकतंत्रों में से एक है. उन्होंने भारत को अमेरिका का मजबूत रणनीतिक साझेदार भी बताया.
4 महीने में दोबारा क्यों आए भारत
रुबियो ने कहा कि हाल ही में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान उनसे पूछा गया था कि वह सिर्फ चार महीने बाद दोबारा भारत क्यों आए हैं. इस पर उन्होंने जवाब दिया कि भारत दुनिया के सबसे अहम देशों में शामिल है और अमेरिका के साथ उसके रिश्ते बेहद महत्वपूर्ण हैं. अमेरिकी विदेश मंत्री ने कहा कि 21वीं सदी का इतिहास इसी क्षेत्र में लिखा जा रहा है. उन्होंने कहा कि भविष्य में जब 21वीं सदी के इतिहास पर किताबें लिखी जाएंगी, तो दुनिया के अलग-अलग हिस्सों का जिक्र होगा लेकिन यह सदी कैसी होगी, इसका फैसला इस क्षेत्र में होने वाली घटनाएं भी करेंगी. रुबियो के मुताबिक, भारत और अमेरिका के बीच संबंध इस दिशा में सकारात्मक योगदान दे रहे हैं. उन्होंने जोर देकर कहा कि दोनों देशों की साझेदारी सिर्फ बयानबाजी तक सीमित नहीं है बल्कि इसका असर भविष्य की दुनिया पर भी पड़ रहा है.
तीन दिन के भारत दौरे पर हैं मार्को रुबियो
मार्को रुबियो 20 से 22 अक्टूबर तक भारत के तीन दिवसीय दौरे पर हैं. मंगलवार को वह मुंबई पहुंचे, जहां उन्होंने आयोजित कार्यक्रम में हिस्सा लिया. दौरे के दौरान बुधवार को उनके गुजरात जाने का कार्यक्रम है. यहां वह जामनगर स्थित रिलायंस की रिफाइनरी का दौरा करेंगे. इस यात्रा को भारत और अमेरिका के बीच रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने के लिहाज से अहम माना जा रहा है.