Kota Bus Accident: राजस्थान के कोटा में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया. यात्रियों से भरी एक मिनी बस अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे जा गिरी. इस हादसे में 8 लोगों की जान चली गई. वहीं कई यात्री घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई. सूचना मिलते ही पुलिस और बचाव दल घटनास्थल पर पहुंचे और राहत अभियान शुरू किया.
जानकारी के मुताबिक, हादसा सुबह करीब 6 बजे एक्सप्रेसवे पर पोल नंबर 384 के पास हुआ. यह इलाका सिमलिया थाना क्षेत्र में आता है. बताया जा रहा है कि बस सड़क से उतरने के बाद रेलिंग तोड़ते हुए करीब 15 फुट गहरे नाले में जा गिरी.
क्रेन से निकाली गई बस
नाले में पानी और गाद भरी होने के कारण यात्रियों को बाहर निकालने में बचाव दल को काफी मशक्कत करनी पड़ी. हादसे की गंभीरता को देखते हुए दुर्घटनाग्रस्त बस से यात्रियों को निकालने और वाहन को बाहर लाने के लिए क्रेन की मदद ली गई. घायलों को अस्पताल पहुंचाने के लिए एंबुलेंस भी मौके पर भेजी गईं.
Kota, Rajasthan: Eight people were killed and several others injured after a mini-bus carrying over 25 passengers fell into a drain on the Delhi-Mumbai Expressway at around 6:30 am in the Simaliya area. The bus was travelling from Bhopal to Khatu Shyam. Preliminary reports suggest the driver may have dozed off
— IANS (@ians_india) October 17, 2026
भोपाल से खाटू श्याम जी जा रही थी बस
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, बस में सवार यात्री भोपाल से राजस्थान के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल खाटू श्याम जी के दर्शन के लिए जा रहे थे. हालांकि, बस में यात्रियों की संख्या को लेकर अलग-अलग जानकारी सामने आई है. शुरुआती जानकारी में करीब 17 यात्रियों के सवार होने की बात कही गई. वहीं पुलिस से मिली बाद की जानकारी के मुताबिक बस में कुल 25 यात्री थे. सिमलिया थाना प्रभारी नंद सिंह के अनुसार, हादसे में कई लोग घायल हुए हैं। इनमें दो की हालत गंभीर बताई गई है. घायलों को कोटा के न्यू मेडिकल कॉलेज अस्पताल, एमबीएस अस्पताल और अन्य नजदीकी चिकित्सा केंद्रों में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज किया जा रहा है.
चालक को झपकी आने की आशंका
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, चालक को नींद की झपकी आने के कारण बस बेकाबू हो गई थी. इसके बाद वाहन रेलिंग तोड़कर नाले में गिर गया. हालांकि, हादसे के वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी. पुलिस ने घटनास्थल पर राहत और बचाव कार्य पूरा कराने के साथ हादसे से जुड़े तथ्यों की जांच शुरू कर दी है.
ये भी पढ़ें: बिना वसीयत मर गया पति, पत्नी और बच्चों में हुई संपत्ति की लड़ाई, पत्नी ने मुकदमे में जीत लिए 22 करोड़ रुपये