Johery Moll Dominguez Miss World 2026 Winner: मिस वर्ल्ड 2026 के ग्रैंड फिनाले में डोमिनिकन रिपब्लिक की जोहेरी मोल डोमिंगुएज ने बाजी मारते हुए प्रतिष्ठित खिताब अपने नाम कर लिया. वियतनाम में आयोजित प्रतियोगिता के फिनाले में उन्होंने दुनियाभर की प्रतिभागियों को पीछे छोड़कर मिस वर्ल्ड का ताज हासिल किया. स्पेन की एलिजाबेथ रेयनेस फर्स्ट रनर-अप और मलेशिया की तानुसिया चेट्टी सेकंड रनर-अप रहीं. जोहेरी को उनकी पूर्ववर्ती मिस वर्ल्ड ओपल सुचाता चुआंगस्री ने ताज पहनाया. ओपल थाईलैंड की पहली प्रतियोगी थीं, जिन्होंने पिछले साल 72वीं मिस वर्ल्ड प्रतियोगिता का खिताब जीता था.
डोमिनिकन रिपब्लिक की जोहेरी बनीं मिस वर्ल्ड 2026
फाइनल मुकाबले में जोहेरी ने मलेशिया, वियतनाम, इरिट्रिया, स्पेन और दक्षिण अफ्रीका की प्रतियोगियों को पीछे छोड़ते हुए खिताब अपने नाम किया. प्रतियोगिता की शुरुआत टॉप 40 से हुई थी, जिसके बाद प्रतिभागियों की संख्या घटकर टॉप 20, टॉप 12 और फिर टॉप 6 तक पहुंची. आखिर में जोहेरी को मिस वर्ल्ड 2026 का ताज पहनाया गया.
कौन हैं जोहेरी मोल डोमिंगुएज?
मिस वर्ल्ड की आधिकारिक प्रोफाइल के मुताबिक, जोहेरी एक शिक्षिका, सामाजिक कार्यकर्ता और कम्युनिकेटर हैं. उन्होंने Universidad Iberoamericana से बिजनेस मैनेजमेंट एंड एडमिनिस्ट्रेशन की पढ़ाई की है. जोहेरी ‘Voices of Tomorrow’ की संस्थापक और अध्यक्ष हैं. इस संस्था के जरिए वह कमजोर और जरूरतमंद समुदायों के बच्चों तथा युवाओं तक अंग्रेजी शिक्षा पहुंचाने का काम करती हैं. वह अंग्रेजी में साहित्य और सामाजिक अध्ययन भी पढ़ाती हैं और बच्चों में रचनात्मक सोच तथा समग्र विकास को बढ़ावा देने पर जोर देती हैं. इसके अलावा वह Univision New York के ‘Ventana a Quisqueya’ कार्यक्रम में संवाददाता के तौर पर डोमिनिकन संस्कृति, सामाजिक मुद्दों और सामुदायिक कहानियों को सामने लाती हैं. वह पेशेवर मॉडल होने के साथ-साथ Goya Gives की एंबेसडर भी हैं.
जो अवसर आपको चाहिए था, वही दूसरों को दें
जोहेरी का जीवन मंत्र भी उनकी सोच और सामाजिक काम से जुड़ा हुआ है. उनका मानना है कि इंसान दूसरों को वह अवसर देकर उनकी जिंदगी बदल सकता है, जिसकी जरूरत कभी खुद उसे आगे बढ़ने के लिए पड़ी थी. उनका व्यक्तिगत आदर्श वाक्य है कि सबसे बड़ा उपहार वह अवसर है, जिसकी जरूरत कभी आपको खुद आगे बढ़ने और अपनी जिंदगी बदलने के लिए थी.
भारत की निकिता पोरवाल टॉप 20 में नहीं बना सकीं जगह
भारत की ओर से मध्य प्रदेश के उज्जैन की निकिता पोरवाल ने मिस वर्ल्ड 2026 में हिस्सा लिया था. उन्होंने प्रतियोगिता में टॉप 40 में जगह बनाई, लेकिन वह टॉप 20 में आगे नहीं बढ़ सकीं. निकिता ने दो साल पहले मुंबई में फेमिना मिस इंडिया वर्ल्ड 2024 का खिताब जीता था. इसके बाद उन्होंने मिस वर्ल्ड प्रतियोगिता में भारत का प्रतिनिधित्व किया.
टीवी एंकर से अभिनेत्री और थिएटर आर्टिस्ट बनीं निकिता
निकिता पोरवाल ने अपने करियर की शुरुआत टीवी एंकर के तौर पर की थी. इसके बाद उन्होंने अभिनय और थिएटर की दुनिया में कदम रखा. वह अब तक 60 से ज्यादा नाटकों में अभिनय कर चुकी हैं. खास बात यह है कि निकिता ने करीब 250 पन्नों का ‘कृष्ण लीला’ नामक नाटक भी लिखा है. वह एक फीचर फिल्म में भी नजर आ चुकी हैं, जिसे अंतरराष्ट्रीय फिल्म समारोहों में प्रदर्शित किया जा चुका है और जल्द ही भारत में रिलीज किया जाना है. अपने परिचय वीडियो में निकिता ने अपनी जिंदगी का मंत्र बताते हुए कहा था कि वह ऐसी जिंदगी जीना चाहती हैं, जिसका महत्व हो और जिसकी कमी महसूस की जाए. उन्होंने फिल्ममेकर संजय लीला भंसाली के साथ काम करने की इच्छा भी जाहिर की थी.
अगले साल तंजानिया में होगा मिस वर्ल्ड
मिस वर्ल्ड 2026 के बाद अगले साल की मेजबानी तंजानिया करेगा. इस बार प्रतियोगिता का आयोजन वियतनाम में हुआ और इसे प्रतियोगिता का 75वां वर्ष भी बताया गया.
73वां मिस वर्ल्ड, लेकिन 75वीं वर्षगांठ क्यों?
मिस वर्ल्ड 2026 को लेकर 73वें और 75वें संस्करण के बीच भ्रम की स्थिति भी बनी. प्रतियोगिता की शुरुआत 1951 में ब्रिटेन में हुई थी और इसके बाद लगभग हर साल इसका आयोजन हुआ. हालांकि कोविड-19 महामारी के कारण 2020 की प्रतियोगिता पूरी तरह रद्द कर दी गई थी. इसके बाद 70वीं मिस वर्ल्ड प्रतियोगिता 2021 के लिए आयोजित हुई, लेकिन उसका फाइनल मार्च 2022 में प्यूर्टो रिको में हुआ. वर्ष 2022 में अलग से प्रतियोगिता नहीं हुई. 71वीं मिस वर्ल्ड प्रतियोगिता का आयोजन 9 मार्च 2024 को मुंबई के जियो वर्ल्ड कन्वेंशन सेंटर में हुआ था. इसी वजह से 2026 में प्रतियोगिता का 73वां संस्करण होने के बावजूद इसकी 75वीं वर्षगांठ मनाई गई.
अब मिस यूनिवर्स में भारत की नजर
मिस वर्ल्ड के बाद भारतीय प्रशंसकों की नजर अब मिस यूनिवर्स प्रतियोगिता पर है. नवंबर में भारत की कजिया लिज मेजो प्यूर्टो रिको में होने वाली मिस यूनिवर्स प्रतियोगिता में हिस्सा लेंगी. 19 वर्षीय कानून की छात्रा कजिया लिज मेजो ने 25 अगस्त को मिस यूनिवर्स इंडिया का खिताब जीता था. वह केरल से मिस यूनिवर्स इंडिया का खिताब जीतने वाली पहली प्रतियोगी बनी हैं.