Mumbai Pune Expressway Bus Fire: बीती रात ग्रेटर नोएडा में एक बस में आग लगने की घटना सामने आई थी. इसके बाद अब महाराष्ट्र के पनवेल सीमा क्षेत्र में मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे पर चलती बस में अचानक आग लग गई. राहत की बात रही कि बस में सवार सभी 14 यात्रियों को समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया. बता दें कि घटना मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे की पुणे लेन पर किलोमीटर 16 के पास की है. शुरुआती जानकारी के अनुसार, बस सड़क पर चल रही थी, तभी उसमें अचानक आग लग गई. आग की लपटें उठती देख बस में मौजूद यात्रियों के बीच अफरा-तफरी मच गई.
बाल-बाल बचे सभी यात्री
हालांकि, इससे पहले कि आग विकराल रूप लेती, सभी यात्रियों को बस से बाहर निकाल लिया गया. बाद में सभी यात्रियों को दूसरी बस में बैठाकर उनकी यात्रा आगे जारी रखी गई. घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग को सूचना दी गई. मौके पर पनवेल महानगरपालिका और खोपोली नगर परिषद की दमकल टीमें पहुंचीं और आग बुझाने का काम शुरू किया. काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया लेकिन तब तक बस पूरी तरह जलकर खाक हो चुकी थी. फिलहाल आग लगने की वजह क्या थी, इसकी जानकारी सामने नहीं आई है.
#WATCH | Khalapur, Maharashtra | A bus caught fire on the Pune-bound lane of the Mumbai-Pune Expressway. Fire brigade teams from the Panvel Municipal Corporation and Khopoli Municipal Council rushed to the spot and brought the blaze under control. There were 14 passengers on… pic.twitter.com/ONfSuVJXke
— ANI (@ANI) September 24, 2026
खाई में गिरी थी छात्रों से भरी बस
इससे पहले महाराष्ट्र के पुणे जिले में भी बस हादसे की एक घटना सामने आई थी. दौंड तालुका के चौफुला-सुपा घाट मार्ग पर 16 सितंबर को महाराष्ट्र राज्य परिवहन की बस अचानक खाई में जा गिरी थी. हादसे में 15 से ज्यादा स्कूली छात्र घायल हुए थे. पुलिस के मुताबिक, बस चौफुला से सुपा घाट की तरफ जा रही थी. इसी दौरान चालक के कथित तौर पर वाहन पर नियंत्रण खो देने के बाद बस सड़क से नीचे खाई में जा गिरी और कई बार पलट गई. मामले में यवत पुलिस थाने में केस दर्ज किया गया है. पुलिस ने बस चालक राहुल त्रिंबक मडावी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता और मोटर वाहन अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है.