Shiva Sharma Case: लखनऊ के कारोबारी शिवा शर्मा की संदिग्ध मौत के मामले में आरोपी मॉडल श्रद्धा दुबे की तलाश तेज हो गई है. जांच के बीच नेपाल सीमा के पास उसकी SUV मिलने की जानकारी सामने आई है. बताया जा रहा है कि श्रद्धा अपनी बहन रश्मि, ड्राइवर और एक दोस्त के साथ बहराइच के रास्ते नेपाल चली गई. इस बीच सामने आई तस्वीरों में चारों एक साथ नजर आ रहे हैं. वहीं एक अन्य तस्वीर में तेज रफ्तार गाड़ियों की शौकीन बताई जा रही श्रद्धा ई-रिक्शे पर जाती दिख रही है.
नेपाल बॉर्डर की पार्किंग में मिली कार
जानकारी के मुताबिक, रुपईडीहा स्थित कस्टम कार्यालय की पार्किंग में श्रद्धा की SUV खड़ी मिली. जानकारी के अनुसार, गाड़ी 10 अक्टूबर को पार्किंग में लगाई गई थी. इसके बाद श्रद्धा और उसके साथ आए तीनों लोग वहां से चले गए. बताया जा रहा है कि श्रद्धा के दोस्त ने दो दिन की पार्किंग का किराया जमा किया था. परिवहन विभाग के रिकॉर्ड के अनुसार, SUV श्रद्धा दुबे के नाम पर पंजीकृत है. इसका रजिस्ट्रेशन 25 मई 2025 का बताया गया है. गाड़ी के तीन चालान भी ओवरस्पीडिंग से जुड़े हैं, जिनका भुगतान अब तक नहीं हुआ है.
सोशल मीडिया पर वीडियो किया जारी
मामले के बीच बुधवार देर रात श्रद्धा का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ. इसमें उसने खुद को निर्दोष बताते हुए लोगों से उसके बारे में अफवाहें नहीं फैलाने की अपील की. उसने कहा कि सोशल मीडिया पर किसी व्यक्ति के साथ जुड़ने का मतलब यह नहीं है कि उससे उसका कोई निजी संबंध है. वीडियो में श्रद्धा ने यह भी कहा कि वह पुलिस के सामने पेश होकर पूरे मामले की सच्चाई बताना चाहती है. उसने शिवा की मौत को हत्या के बजाय आत्महत्या बताया.
“विषकन्या श्रद्धा के पहले वीडियो पर मेरा निशाना सही जगह लगा.. मेरी लिखी बातें बहुतों को चुभ गईं.. तमाम नेता, ब्यूरोक्रेट्स और कुछ पत्रकारों को भी!! बिलबिला गए..” मैंने कल रात लिखा था, श्रद्धा को अपने लिविंग पार्टनर शिवा की मौत से ज्यादा यूपी के उन बड़े अफसरों और नेताओं की फिक्र है जिनके नाम उससे जोड़े जा रहे हैं.. सोशल मीडिया पर तो जैसे जंग छिड़ी है.. अब अंदर की बात बता दूं…. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को अफसरों के कुछ फोटो और वीडियो दिखाए जा चुके हैं.. शिवा की मौत के 48 घंटे के भीतर ही उनके पास सबूत के साथ सारी चीजें पहुंच गई थीं.. जो ऑडियो और वीडियो अब वायरल हो रहे हैं, वो मुख्यमंत्री की जानकारी में पहले से ही हैं.. मेरी लिखी बात श्रद्धा को भी सही लगी.. इसीलिए उसने दूसरा वीडियो बनाया.. करीब 6 मिनट का.. इस वीडियो में श्रद्धा ने पहले की तरह अफसरों को डिफेंड नहीं किया है.. इसमें श्रद्धा ने शिवा की मौत पर अपनी सफाई पेश की है.. यानि जो उसे पहले करना चाहिए था, वो अब कर रही है.. वायरल वीडियो में श्रद्धा इमोशनल कार्ड भी खेल रही है.. कह रही है, शिवा ने सुसाइड किया है.. मैंने उसकी हत्या नहीं की.. मीडिया वाले परेशान करेंगे तो मैं सुसाइड कर लूंगी.. #ShivaSharmaDeath #Shiva #Shraddha #Murder #Suicide #Mystery #Police #Bureaucrats #Bureaucracy #Politics #Lucknow #UttarPradesh
— Vivek K. Tripathi (@meevkt) October 15, 2026
क्या है शिवा शर्मा की मौत का मामला?
लखनऊ के बालू अड्डा स्थित अवध ग्रीन अपार्टमेंट की चौथी मंजिल से गिरने के बाद चिकन कारोबारी और कैफे संचालक शिवा शर्मा की शुक्रवार रात मौत हो गई थी. वह अलीगंज के कपूरथला इलाके में रहते थे और करीब एक साल से श्रद्धा के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में थे. शिवा की मां रंजना ने श्रद्धा पर गंभीर आरोप लगाते हुए उसकी बहन रश्मि समेत चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था.
ये भी पढ़ें: जिस घर में छाया मातम, वहां से मिली 3 लोगों को नई जिंदगी, धरमपुर के श्रीमद् राजचंद्र हॉस्पिटल ने किया कमाल