Shiva Sharma Case: लखनऊ के चर्चित शिवा शर्मा केस में एक नए वीडियो ने जांच को एक बार फिर सुर्खियों में ला दिया है. 25 हजार रुपये की इनामी फरार मॉडल श्रद्धा दुबे सोशल मीडिया पर लगातार वीडियो जारी कर अपनी सफाई दे रही है. इसी बीच अब मृतक कारोबारी शिवा शर्मा के दो वीडियो सामने आए हैं, जिनमें वह काफी घबराया हुआ नजर आ रहा है. वीडियो में श्रद्धा उससे जेवर चोरी के आरोप को लेकर सवाल करती दिखाई देती है. इन फुटेज के सामने आने के बाद मामले में नए सवाल खड़े हो गए हैं.
जेवर चुराने की बात
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के पहले हिस्से में श्रद्धा शिवा से पूछती सुनाई देती है कि उसने कथित तौर पर जेवर कब चुराए थे. वह सितंबर या अक्टूबर का जिक्र करते हुए कहती है कि अभी पुलिस को नहीं बुलाया गया है. इसके जवाब में शिवा सितंबर में चोरी करने की बात स्वीकार करता नजर आता है. वह बताता है कि जब श्रद्धा करीब 20 से 25 मिनट के लिए वॉशरूम गई थी, उसी दौरान उसने कथित तौर पर जेवर लिए थे.
एक महीने का मांगा समय
इसके बाद श्रद्धा उससे तीन सोने की चेन और एक ब्रेसलेट चोरी करने तथा उन्हें चौक में बेचने को लेकर सवाल करती है. वीडियो में शिवा सिर हिलाकर हामी भरता दिखाई देता है. श्रद्धा उससे करीब छह लाख रुपये लौटाने की समय सीमा भी पूछती है. इस पर शिवा एक महीने के भीतर पैसे लौटाने की बात कहता है.
शिवा शर्मा हत्याकांड! मृतक शिवा का वीडियो वायरल। चेहरे की उड़ी रंगत ब्लेकमेलिंग क्वीन श्रद्धा दुबे के टॉर्चर और दबाव की बयां कर रहा दास्तां। @Uppolice @lkopolice https://t.co/tqyNLEf5SN
— Himanshu Tripathi (@himanshucrime) October 15, 2026
कार रखने की भी कही बात
वीडियो के एक हिस्से में श्रद्धा यह कहते हुए सुनाई देती है कि शिवा अपनी मर्जी से यह बात स्वीकार कर रहा है और उस पर कोई दबाव नहीं है. दूसरे हिस्से में शिवा कथित तौर पर लिखित आश्वासन देने और रकम चुकाने तक अपनी कार श्रद्धा के पास छोड़ने की बात कहता है.
पुलिस करेगी वीडियो की जांच
शिवा की मां रंजना शर्मा पहले ही आरोप लगा चुकी हैं कि श्रद्धा उनके बेटे को बंधक बनाकर रखती थी और चोरी का आरोप लगाकर उसे परेशान करती थी. वहीं, श्रद्धा अपने वीडियो में शिवा पर कर्ज होने का दावा कर चुकी है. उसका कहना है कि शिवा पर कर्जा था, जिससे परेशान होकर उसने छत से छलांग लगा दी.
ये भी पढ़ें: Shiva Sharma Murder: नेपाल बॉर्डर पर मिली मॉडल श्रद्धा दुबे की SUV, ई-रिक्शे से जाती दिखी; वीडियो जारी कर कही ये बात