Sikkim Landslide: सिक्किम में लगातार हो रही भारी बारिश ने पहाड़ों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं. जगह-जगह पहाड़ दरक रहे हैं और सड़कें मिट्टी, पत्थरों और मलबे के नीचे दबती जा रही हैं. हालात ऐसे हैं कि कई रास्तों पर अचानक पहाड़ से बड़े-बड़े पत्थर गिर रहे हैं, जिससे यातायात रोकना पड़ा है. हाल ही में सिक्किम में हुए भूस्खलन के वीडियो भी सामने आए हैं, जिनमें पहाड़ से लगातार मिट्टी और मलबा नीचे आता दिखाई दे रहा है. इसके कारण सिक्किम में जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है.
NH-10 पर बढ़ा खतरा
सिलीगुड़ी को सिक्किम से जोड़ने वाले प्रमुख मार्ग राष्ट्रीय राजमार्ग-10 (NH10) के 20 माइल इलाके में भूस्खलन के बाद हालात बिगड़ गए. गुरुवार सुबह से पहाड़ की ढलान से मिट्टी और पत्थरों के गिरने का सिलसिला जारी रहा. देखते ही देखते सड़क का एक बड़ा हिस्सा मलबे और कीचड़ से ढक गया. इससे इस रास्ते पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई. पहाड़ी इलाकों में सफर कर रहे यात्रियों और पर्यटकों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा. प्रशासन ने लोगों से भूस्खलन वाले इलाकों में जाने से बचने की अपील की है.
#WATCH | Sikkim | A major landslide triggered by continuous rainfall caused extensive damage in Rimbi Village under the Yuksom-Tashiding Constituency of West Sikkim last night. No loss of life has been reported so far.
(Visual Source: District administration) pic.twitter.com/gdBojiVnIt
— ANI (@ANI) September 25, 2026
शुक्रवार को भी हुआ भूस्खलन
कल रात लगातार बारिश की वजह से वेस्ट सिक्किम के युक्सोम-ताशीडिंग निर्वाचन क्षेत्र के रिम्बी गांव में ज़बरदस्त भूस्खलन हुआ, जिससे काफ़ी नुकसान हुआ है. इसकी वीडियो भी सामने आई है, जिसमें साफ देखा जा सकता है कि नीचे एक गांव बसा हुआ है और ऊपर से बहुत सारी मिट्टी और मलबा अचानक से नीचे आ गिरा. हालांकि अभी तक किसी के हताहत होने की खबर नहीं है.
कई रास्तों पर थम गई आवाजाही
इसके अलावा सिंगताम-रंगपो मार्ग पर भी भूस्खलन के कारण सड़क पर पत्थर और मलबा जमा हो गया. पश्चिम सिक्किम में रिम्बी-यूक्सोम रोड पर भी पहाड़ की ढलान अस्थिर होने के कारण नया भूस्खलन हुआ. लगातार मलबा गिरने के चलते इस मार्ग पर आवाजाही बंद करनी पड़ी. रिम्बी के रास्ते खेचुपेरी से ग्यालशिंग जाने वाली सड़क पर भी कई जगह मिट्टी और पत्थर गिरने से रास्ता बाधित हुआ है.
तीस्ता नदी का बढ़ रहा जलस्तर
लगातार बारिश का असर नदियों पर भी दिखाई देने लगा है. तीस्ता नदी का जलस्तर बढ़ रहा है, जिससे निचले इलाकों में भी सतर्कता बढ़ाई गई है. पहाड़ी क्षेत्रों में बारिश जारी रहने पर नदी और उसकी सहायक धाराओं का जलस्तर और बढ़ने की आशंका है.