Today Weather News 6 May 2026: एक सप्ताह पहले सक्रिय हुए पश्चिमी विक्षोभ का असर अब भी उत्तर भारत के कई राज्यों में है. यही वजह है कि कई जगहों पर बारिश, आंधी-तूफान के अलावा ओलावृष्टि हो रही है. खासतौर से पहाड़ी राज्यों में बारिश और बर्फबारी मौसम का मिजाज पूरी तरह से बदल दिया है. आलम यह है कि हिमाचल प्रदेश के शिमला समेत कई जिलों में ठंड पड़ रही है, जबकि कई जिलों में लोगों ने कंबल और रजाई तक ओढ़ना शुरू कर दिया है. पश्चिम विक्षोभ के एक्टिव होने और चक्रवाती संचरण के प्रभाव से आगामी 24-36 घंटों के दौरान दिल्ली से असम तक बारिश और आंधी तूफान का अलर्ट है.
उत्तर भारत में कहां-कहां होगी बारिश?
पश्चिमी विक्षोभ के असर से दिल्ली-एनसीआर समेत उत्तर भारत के कई राज्यों में अगले 2 दिनों के दौरान आंधी के साथ बारिश होने की संभावना है. हल्की बारिश और आंधी के चलते तापमान में बड़ी गिरावट से गर्मी और लू से काफी राहत रहेगी. मौसम विभाग की ओर से (6 मई, 2026) को यूपी, बिहार, राजस्थान समेत 11 राज्यों में बारिश-आंधी की चेतावनी जारी की गई है. 6 मई को दिल्ली और मध्य प्रदेश के अधिकांश जिलों में बादल छाए रहेंगे और इस दौरान हल्की से लेकर मध्यम स्तर की बारिश हो सकती है.
दक्षिण और पूर्वोत्तर भारत में कहां होगी बारिश?
पूर्वी राज्यों में बिजली गिरने की आशंका जताई गई है, जबकि पूर्वोत्तर के राज्यों में भी बारिश के साथ तेज हवाएं चलने का अलर्ट है. अगले 24 से 72 घंटे के दौरान पूर्वोत्तर के राज्य असम, अरुणाचल, सिक्किम, नगालैंड में बारिश होने का अलर्ट है. वहीं, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, झारखंड और छत्तीसगढ़ के कई हिस्सों पर तेज हवाएं चलने और बारिश होने का अलर्ट है.
बेंगलुरु में भी तेज बारिश का अलर्ट
मौसम की जानकारी देने वाली एजेंसी स्काईमेट वेदर के मुताबिक, तमिलनाडु और केरल के सीमावर्ती हिस्सों पर तेज बारिश की संभावना है, जबकि तेलंगाना, आंध्र प्रदेश रायलसीमा, आंतरिक कर्नाटक में भी बुधवार (6 मई, 2026) को बारिश की चेतावनी जारी की गई है. उधर, बेंगलुरु के भी कई हिस्सों में बारिश का अलर्ट जारी किया गया है. इस बीच दक्षिण भारत के कई राज्यों में लगातार कई दिनों तक या कहें पूरे सप्ताह मौसम सुहाना बने रहने का अलर्ट है.
यह भी पढ़ें: Delhi Weather Update: 10 मई तक दिल्ली में बारिश होगी या चलेगी आंधी, IMD ने जारी किया लेटेस्ट अपडेट