Cooler Cooling Tips: तेज गर्मी के दिनों में घर के अंदर का तापमान तेजी से बढ़ जाता है. ऐसे में लोग राहत पाने के लिए कूलर का इस्तेमाल करते हैं, लेकिन कई बार कूलर चलाने के बावजूद भी ठंडी हवा नहीं मिलती. इसके पीछे कुछ आम कारण होते हैं, जिन्हें समझना और ठीक करना जरूरी है. जैसे- कूलिंग पैड्स का गंदा या पुराना होना, पानी का सही तरीके से सर्कुलेट न होना, या पंप का ठीक से काम न करना. इसके अलावा ज्यादा नमी (ह्यूमिडिटी) भी कूलर की ठंडक को कम कर देती है.
अगर इन समस्याओं को पहचान लिया जाए, तो कुछ आसान उपाय अपनाकर कूलर की ठंडक को बेहतर बनाया जा सकता है. आइए जानते हैं ऐसे ही कुछ सरल और असरदार तरीके.
फिटकरी का इस्तेमाल करें
कूलर के पानी को साफ रखना बहुत जरूरी है. इसके लिए आप कूलर की टंकी में फिटकरी का एक टुकड़ा डाल सकते हैं. फिटकरी पानी की गंदगी को साफ करने में मदद करती है. साफ पानी कूलिंग पैड्स को जाम नहीं होने देता, जिससे हवा बेहतर तरीके से गुजरती है और ठंडक महसूस होती है.
कूलर की सही जगह का चुनाव
कूलर को सही स्थान पर रखना भी उतना ही जरूरी है. अगर आप इसे बंद कमरे में रखेंगे, तो ये गर्म हवा ही घुमाएगा. बेहतर होगा कि कूलर को खिड़की या दरवाजे के पास रखें, ताकि बाहर की ताजी हवा अंदर आए और ठंडक बढ़े.
बर्फ का उपयोग करें
कूलर की ठंडक बढ़ाने के लिए आप बर्फ का इस्तेमाल कर सकते हैं. पानी को ठंडा रखने के लिए बोतलों में पानी भरकर उसमें थोड़ा नमक मिलाएं और उसे फ्रीज में जमा लें. फिर इन बर्फ की बोतलों को कूलर की टंकी में डाल दें. नमक की वजह से बर्फ जल्दी पिघलती नहीं है, जिससे लंबे समय तक ठंडी हवा मिलती रहती है.
मिट्टी के मटके की ट्रिक
एक और आसान तरीका है मिट्टी के मटके का उपयोग. इसके लिए मटके में नीचे की तरफ छोटे-छोटे छेद कर लें और उसे कूलर की टंकी में रख दें. पंप को मटके के अंदर डालें. मिट्टी का मटका पानी को ठंडा बनाए रखने में मदद करता है, जिससे कूलिंग पैड्स पर गिरने वाला पानी ठंडा रहता है और हवा ज्यादा ठंडी लगती है.