Monsoon Skin Care Tips: आमतौर पर जब चेहरे पर झाइयां या पिगमेंटेशन नजर आने लगता है, तो लोग इसका कारण धूप को मानते हैं. हालांकि बहुत कम लोग जानते हैं कि बारिश के मौसम में भी चेहरे पर दाग-धब्बे और पिगमेंटेशन की समस्या बढ़ जाती है. इसके अलावा बादलों के बीच से आने वाली यूवी किरणें, पसीना, धूल-मिट्टी और त्वचा की ठीक से सफाई न होना भी स्किन को प्रभावित कर सकता है. अगर पहले से चेहरे पर झाइयां हैं, तो ये ज्यादा गहरी दिखाई दे सकती हैं. ऐसे में बारिश के मौसम में भी स्किन केयर को नजरअंदाज करना ठीक नहीं है. आइए जानते हैं मानसून में झाइयां बढ़ने की वजह क्या है और त्वचा को इससे बचाने के लिए किन बातों का ध्यान रखना चाहिए.
क्या है त्वचा पर झाइयों का कारण?
मानसून में हवा में नमी ज्यादा होती है. इसके कारण चेहरे पर पसीना और ऑयल लंबे समय तक बना रह सकता है. बाहर निकलने पर धूल-मिट्टी भी आसानी से त्वचा पर चिपक जाती है. अगर चेहरे की सफाई ठीक से न की जाए, तो पोर्स बंद हो सकते हैं और मुंहासे निकलने की समस्या बढ़ सकती है. मुंहासे ठीक होने के बाद कई बार उनके निशान गहरे होकर पिगमेंटेशन का रूप ले लेते हैं.
हार्मोन और तनाव भी हो सकते हैं वजह
हर व्यक्ति की त्वचा अलग होती है. कुछ लोगों में पिगमेंटेशन का संबंध हार्मोनल बदलावों से भी हो सकता है. तनाव, नींद पूरी न होना और खराब लाइफस्टाइल भी त्वचा की सेहत पर असर डाल सकते हैं. इसके अलावा शरीर को पर्याप्त पोषण न मिलने पर भी त्वचा की स्थिति प्रभावित हो सकती है इसलिए सिर्फ बाहर से स्किन केयर करना ही काफी नहीं है. आपको खानपान और लाइफस्टाइल पर भी ध्यान देना जरूरी है.
ध्यान रखें ये बातें
- मानसून के महीने में चेहरे पर सनस्क्रीन लगाना न भूलें.
- चेहरे की साफ सफाई का ध्यान रखें.
- मॉइस्चराइजर लगाना बंद न करें
- अगर चेहरे पर मुंहासे हैं, तो मुंहासों को बार-बार न छुएं.
- खानपान पर भी ध्यान दें.