छोटे शहर से निकलकर IIT पहुंचे, फिर एक्टिंग में दिखाया दमखम, बच्चों को पढाकर किया गुजारा, TVF ने बदली जिंदगी
Jitendra Kumar: एक्टर जितेंद्र कुमार को लोग प्यार से ‘जीतू भैया’ के नाम से जानते हैं. ‘पंचायत’ के अभिषेक त्रिपाठी से लेकर ‘कोटा फैक्ट्री’ के जीतू भैया तक, उन्होंने अपनी सादगी और शानदार एक्टिंग से दर्शकों के दिल में खास जगह बनाई है. हालांकि यहां तक पहुंचने की उनकी कहानी किसी आसान रास्ते की कहानी नहीं है. छोटे शहर से निकलकर IIT पहुंचने वाले जितेंद्र ने इंजीनियरिंग की पढ़ाई तो की लेकिन दिल आखिरकार एक्टिंग में ही लगा.
जितेंद्र कुमार का जन्म
जितेंद्र कुमार का जन्म राजस्थान के खैरथल-तिजारा जिले के खैरथल में 1 सितंबर 1990 को हुआ. वो बचपन से ही पढ़ाई में अच्छे थे. जितेंद्र ने आगे चलकर देश के प्रतिष्ठित संस्थान IIT खड़गपुर में दाखिला लिया. वहां उन्होंने सिविल इंजीनियरिंग की पढ़ाई की. IIT जैसे संस्थान में पढ़ने के बावजूद उनके भीतर का कलाकार शांत नहीं था.
8 महीने में छोड़ी नौकरी
कॉलेज के दिनों में ही वह थिएटर से जुड़ गए और स्टेज पर एक्टिंग करने लगे. यहीं से उन्हें महसूस हुआ कि इंजीनियरिंग के बजाय कैमरे के सामने रहना उन्हें ज्यादा पसंद है. पढ़ाई पूरी करने के बाद उन्होंने एक समय नौकरी की कोशिश भी की. उन्होंने 8 महीने तक जॉब की लेकिन एक्टिंग का जुनून उन्हें वापस खींच लाया.
बच्चों को पढ़ाकर किया गुजारा
मुंबई आने के बाद जितेंद्र कुमार के लिए जिंदगी आसान नहीं थी. काम की तलाश के दौरान उन्होंने बच्चों को पढ़ाया और ट्यूशन लेकर अपना खर्च चलाया. उनके लिए यह दौर संघर्ष से भरा था लेकिन उन्होंने हार नहीं मानी. छोटे-मोटे काम और ऑडिशन के बीच वह लगातार अपने अभिनय को बेहतर करने में जुटे रहे.
TVF ने बदली किस्मत
उनकी मुलाकात The Viral Fever यानी TVF से हुई. TVF के साथ काम करने का मौका उनके करियर का बड़ा मोड़ साबित हुआ. यहां उन्होंने 'मुन्ना जज्बाती', 'टेक कन्वर्सेशन विद डैड', 'कोटा फैक्ट्री' और कई अन्य प्रोजेक्ट्स ने उन्हें डिजिटल दुनिया में पहचान दिलाई.
जीतू भैया बनकर छा गए
'कोटा फैक्ट्री' में शिक्षक जीतू भैया के किरदार ने जितेंद्र कुमार को घर-घर में लोकप्रिय बना दिया. उनका शांत अंदाज, बच्चों को समझाने का तरीका और उनके डायलॉग्स दर्शकों को खूब पसंद आए. इसके बाद 'पंचायत' में अभिषेक त्रिपाठी के किरदार ने उन्हें और फेमस कर दिया. गांव की जिंदगी, सरकारी नौकरी की मजबूरियां और सपनों के बीच फंसे एक युवा की कहानी को जितेंद्र ने इतनी सहजता से निभाया कि दर्शक उनसे जुड़ते चले गए.
जितेंद्र कुमार की फिल्में
जितेंद्र कुमार ने कई फिल्मों में भी काम किया है. उन्होंने आयुष्मान खुराना के साथ शुभ मंगल ज्यादा सावधान में काम किया था. फिल्म गे मैरिज पर आधारित थी. इसके अलावा उन्होंने चमन बहार, जादूगर, गॉन केश और लेंट्रानी जैसी फिल्मों में भी काम किया.