Alzarri Joseph Statement: वेस्टइंडीज क्रिकेट टीम में नया विवाद शुरू हो गया है. तेज गेंदबाज अल्जारी जोसेफ ने टीम के हेड कोच डैरेन सैमी के उस बयान पर नाराजगी जाहिर की है, जिसमें उन्होंने बताया कि जोसेफ पाकिस्तान के खिलाफ टेस्ट सीरीज से बाहर क्यों हुए. डैरेन सैमी ने मीडिया से बातचीत में कहा कि अल्जारी जोसेफ ने चयन होने के बावजूद खुद टेस्ट सीरीज खेलने ले इन्कार कर दिया. अब इसको लेकर अल्जारी जोसेफ ने अपनी ही टीम के हेड कोच को खरी-खोटी सुनाई है. अल्जारी जोसेफ ने कहा कि कोच सैमी ने उनके फैसले को गलत तरीके से पेश किया और बिना पूरी बात बताए ऐसा बयान दिया, जिससे लोगों के बीच उनको लेकर गलत धारणा बनी.
अल्जारी जोसेफ ने क्या कहा?
अल्जारी जोसेफ ने बताया कि क्रिकेट वेस्टइंडीज ने पहले ऑफिशियल बयान जारी कर बताया था कि वह निजी कारणों से टेस्ट सीरीज के लिए उपलब्ध नहीं हैं. हालांकि डैरेन सैमी ने मीडिया से कहा कि जोसेफ ने चयन होने के बावजूद खुद टेस्ट सीरीज खेलने से इनकार कर दिया. अब अल्जारी जोसेफ ने ‘गुड मॉर्निंग जोजो स्पोर्ट्स शो’ में बात करते हुए अपनी चुप्पी तोड़ी है. जोसेफ ने बताया कि उन्होंने पहले ही कोच और क्रिकेट वेस्टइंडीज दोनों को अपने फैसले की साफ वजह बता दी थी.
अल्जारी जोसेफ ने कहा, ‘मेरी और हेड कोच की इस बारे में बात हुई थी. क्रिकेट वेस्टइंडीज से भी चर्चा हुई थी. बोर्ड ने अपने बयान में साफ लिखा था कि मैं निजी कारणों से उपलब्ध नहीं हूं. लेकिन मिस्टर सैमी इतने अनुभवी हैं कि उन्हें पता था उनके बयान से कैसी कहानी बनेगी और लोगों के बीच कैसी धारणा जाएगी. इसलिए उनके बयान पर मुझे कुछ नहीं कहना है.’
पाकिस्तान टेस्ट सीरीज में क्यों नहीं खेले जोसेफ?
वेस्टइंडीज के तेज गेंदबाज अल्जारी जोसेफ ने बताया कि वह वर्कलोड मैनेजमेंट और फिटनेस के कारण टेस्ट सीरीज में नहीं खेल पाए. उन्होंने बताया कि वह लगभग एक साल तक दूसरी स्ट्रेस फ्रैक्चर की चोट के कारण क्रिकेट से बाहर रहे थे. चोट से वापसी के बाद उन्होंने श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट खेले. इसके बाद न्यूजीलैंड के खिलाफ लगातार 5 वनडे मैचों की सीरीज खेली. जोसेफ ने आगे बताया कि वह एक साल बाद इंटरनेशनल क्रिकेट में लौटे थे. ऐसे में 2 टेस्ट और 5 वनडे मैच खेलने के बाद उन्हें लगा कि उनकी बॉडी एक और टेस्ट सीरीज खेलने के लिए तैयार नहीं है.
‘मैं सैमी के लिए नहीं खेलता…’
अल्जारी जोसेफ का कहना है कि बिना पूरी बात बताए ऐसा बयान देना विवादित और भ्रामक है. वहीं, जब जोसेफ से पूछा गया कि क्या इस विवाद से कोच डैरेन सैमी के साथ उनके रिश्ते प्रभावित हुए हैं, जो क्रिकेटर ने बेबाक जवाब दिया. अल्जारी जोसेफ ने कहा कि ‘मैं एक प्रोफेशनल खिलाड़ी हूं. मैं वहां दोस्त बनाने नहीं जाता. मैं वेस्टइंडीज का प्रतिनिधित्व करने जाता हूं, डैरेन सैमी का नहीं. मेरा काम मैदान पर बेस्ट परफॉर्मेंस करना है और मैं वही करता रहूंगा.’ जोसेफ के इस बयान से वेस्टइंडीज क्रिकेट टीम में कोच और खिलाड़ियों के बीच मतभेद का खुलासा हुआ है. अब यह देखना दिलचस्प होगा कि क्या बोर्ड इस विवाद पर कोई एक्शन लेता है.