एशियन गेम्स के दूसरे सेमीफाइनल मुकाबले में श्रीलंका के खिलाफ जहाँ संजू सैमसन, अभिषेक शर्मा और श्रेयस अय्यर जैसे अनुभवी बल्लेबाज ज्यादा देर क्रीज पर टिक नहीं सके, वहीं बिहार के दो युवा खिलाड़ियों ने भारतीय टीम को संभाला और श्रीलंका के सामने 170 रनों का मजबूत लक्ष्य रखा. पहले वैभव सूर्यवंशी ने एक मजबूत नींव रखी और फिर ईशान किशन ने अपने करियर की सबसे बेहतरीन पारी खेलते हुए भारत का स्कोर 7 विकेट पर 169 रन तक पहुँचाया. वैभव ने 21 गेंदों पर 38 रन बनाए, जबकि ईशान किशन ने 33 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया और 46 गेंदों में 80 रन बनाकर नाबाद रहे.
वैभव का ये स्कोर इसलिए भी सम्मानजनक है क्योंकि जब श्रेयस, अभिषेक, संजू जैसे बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा भी नहीं छू पाते हैं वहां वैभव ने तेज तर्रार 38 रनों की पारी खेली है
ईशान किशन की शानदार पारी
वनडे में दोहरा शतक जड़ चुके ईशान किशन के अंतरराष्ट्रीय करियर में आज की पारी को सबसे ऊपर रखा जाएगा. अगर ईशान यह 80 रन की नाबाद पारी नहीं खेलते, तो भारतीय टीम मुश्किल में पड़ सकती थी. अपनी इस पारी में ईशान ने 4 चौके और 5 छक्के लगाए.
वैभव सूर्यवंशी के 38 रन
कोहरोगी स्पोर्ट्स पार्क में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम का एक तरफ से लगातार विकेट गिर रहा था, लेकिन वैभव दूसरे छोर पर टिके रहे. उन्होंने अपनी पारी में 2 छक्के और 4 चौके लगाए. वैभव ने पहले ही ओवर से तेजी से रन बनाना शुरू कर दिया था. पिच स्पिनरों की मदद कर रही थी, फिर भी वैभव ने समझदारी से बल्लेबाजी की और बिना कोई फालतू जोखिम उठाए रन बनाए. उन्होंने चौथे ओवर की आखिरी दो गेंदों पर लगातार चौके मारे. इसके बाद पांचवें ओवर की आखिरी तीन गेंदों पर चौका, छक्का और चौका लगाकर श्रीलंकाई कप्तान को दबाव में ला दिया.
कैसे आउट हुए वैभव?
वैभव का आउट होना ठीक वैसा ही था जैसे अभिषेक शर्मा आउट हुए थे. 15 साल के वैभव बहुत निडर होकर खेल रहे थे. श्रीलंकाई कप्तान अरचिगे की गेंद टर्न हुई और वैभव चकमा खा गए. क्रीज से बाहर निकलकर शॉट खेलने के चक्कर में गेंद उनके बल्ले का बाहरी किनारा लेकर हवा में चली गई, जिसे शॉर्ट थर्ड मैन पर खड़े फील्डर सिनेथ जयवर्धने ने जमीन से थोड़ा ऊपर ही कैच कर लिया.
जीतने वाली टीम का मुकाबला पाकिस्तान से होगा
मैच में श्रीलंका ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया था. इससे पहले भारत और अफगानिस्तान का क्वार्टर फाइनल मैच बारिश की वजह से रद्द हो गया था, जिसके बाद बेहतर रैंकिंग के आधार पर भारत को सेमीफाइनल में जगह मिली. श्रीलंका की टीम भी नेपाल के खिलाफ मैच रद्द होने के बाद इसी तरह सेमीफाइनल में पहुँची थी. पहले सेमीफाइनल में पाकिस्तान की टीम बांग्लादेश को हराकर पहले ही गोल्ड मेडल मैच (फाइनल) में पहुँच चुकी है.