IND W vs PAK W Asia Cup 2026: दुबई में महिला एशिया कप का रोमांच जारी है. भारतीय महिला टीम ने टूर्नामेंट में अब तक शानदार प्रदर्शन किया है और अपने शुरुआती दोनों ग्रुप मैचों में बड़ी जीत दर्ज की है. 4 अंकों के साथ भारत ने सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली है. बेहतर नेट रन रेट की वजह से टीम इंडिया ग्रुप ए की अंक तालिका में भी शीर्ष पर है.
अब भारतीय टीम का सामना अपनी चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान से होने जा रहा है. भारत और पाकिस्तान के बीच क्रिकेट मैच हो और रोमांच न हो, ऐसा कम ही देखने को मिलता है. इस मुकाबले पर दोनों देशों के क्रिकेट फैंस की नजरें टिकी रहेंगी. जहां भारतीय टीम जीत की लय को बरकरार रखना चाहेगी, वहीं पाकिस्तान की नजर टूर्नामेंट में अपनी दूसरी जीत हासिल करके सेमीफाइनल का टिकट पक्का करने पर होगी.
ग्रुप ए में भारत और पाकिस्तान के अलावा थाईलैंड और हांगकांग की टीमें शामिल हैं. आंकड़ों और मौजूदा फॉर्म को देखें तो भारत का पलड़ा काफी भारी नजर आ रहा है.
कब और कहां खेला जाएगा भारत-पाकिस्तान मैच?
भारत और पाकिस्तान की महिला टीमों के बीच यह मुकाबला 5 सितंबर को दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा. मैच भारतीय समयानुसार रात 8 बजे शुरू होगा, जबकि टॉस शाम 7:30 बजे होगा.
भारत में इस मुकाबले का सीधा प्रसारण Sony Sports Ten 1, Sony Sports Ten 3 और Sony Sports Ten 4 पर किया जाएगा. वहीं, मैच की लाइव स्ट्रीमिंग SonyLIV ऐप और वेबसाइट पर देखी जा सकेगी.
दुबई की पिच पर भारतीय स्पिन गेंदबाजों ने अब तक कमाल का प्रदर्शन किया है. टीम के दोनों शुरुआती मुकाबलों में स्पिनरों ने विपक्षी बल्लेबाजों को खुलकर खेलने का मौका नहीं दिया. पाकिस्तान के खिलाफ भी भारतीय टीम की गेंदबाजी अहम भूमिका निभा सकती है.
पहले मैच में थाईलैंड को 94 रन से हराया
भारतीय टीम ने एशिया कप में अपने अभियान की शुरुआत थाईलैंड के खिलाफ की थी. इस मुकाबले में भारत ने 94 रन से बड़ी जीत दर्ज की. पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत के लिए शेफाली वर्मा ने शानदार पारी खेली. उन्होंने सिर्फ 36 गेंदों में 64 रन बनाए. अपनी पारी के दौरान शेफाली ने 8 चौके और 3 छक्के लगाए.
इसके बाद भारतीय गेंदबाजों ने थाईलैंड की बल्लेबाजी को पूरी तरह दबाव में रखा. पूरी टीम महज 65 रन पर ऑलआउट हो गई. भारत की ओर से दीप्ति शर्मा ने सिर्फ 7 गेंदों में 3 विकेट हासिल किए और एक भी रन नहीं दिया.
हांगकांग के खिलाफ भी भारत की बड़ी जीत
दूसरे ग्रुप मैच में भारत का सामना हांगकांग से हुआ. इस मैच में भी भारतीय टीम ने एकतरफा अंदाज में जीत हासिल की. भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 193 रन का बड़ा स्कोर खड़ा किया. लक्ष्य का पीछा करने उतरी हांगकांग की टीम भारतीय गेंदबाजों के सामने टिक नहीं सकी और पूरी टीम सिर्फ 56 रन पर सिमट गई.
एक बार फिर दीप्ति शर्मा भारतीय गेंदबाजी की सबसे बड़ी स्टार रहीं. उन्होंने तीन विकेट अपने नाम किए. इसके अलावा प्रेमा रावत, नंदनी शर्मा और श्री चरणी ने दो-दो विकेट लेकर हांगकांग की पारी को समेटने में अहम भूमिका निभाई.
स्मृति मंधाना ने जड़ा शानदार शतक
हांगकांग के खिलाफ भारतीय बल्लेबाजी की सबसे बड़ी चर्चा स्मृति मंधाना की पारी रही. मंधाना ने 64 गेंदों पर 124 रन की शानदार पारी खेली. उन्होंने अपनी पारी में 14 चौके और 7 छक्के लगाए.
इस शतकीय पारी के साथ मंधाना ने महिला अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में कई बड़े रिकॉर्ड अपने नाम किए. वह महिला अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाली बल्लेबाज बन गईं और उन्होंने मिताली राज का रिकॉर्ड पीछे छोड़ दिया.
इसके अलावा मंधाना के नाम अब महिला अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के सभी फॉर्मेट में कुल 18 शतक हो गए हैं. इसके साथ ही वह महिला अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सबसे ज्यादा शतक लगाने वाली बल्लेबाज भी बन गई हैं.
भारत-पाकिस्तान के बीच क्या कहते हैं आंकड़े?
महिला क्रिकेट में भारत और पाकिस्तान की टीमें अब तक 17 बार आमने-सामने आ चुकी हैं. इनमें भारतीय टीम ने 14 मुकाबले जीते हैं, जबकि पाकिस्तान को सिर्फ 3 मैचों में जीत मिली है. पाकिस्तान ने आखिरी बार भारत को 7 अक्टूबर 2022 को हराया था. इसके बाद से भारत ने इस प्रतिद्वंद्वी के खिलाफ अपना दबदबा बनाए रखा है.
मौजूदा टूर्नामेंट में भी भारतीय टीम शानदार फॉर्म में है. बल्लेबाजी में स्मृति मंधाना और शेफाली वर्मा जैसी खिलाड़ी अच्छा प्रदर्शन कर रही हैं, वहीं गेंदबाजी में दीप्ति शर्मा समेत भारतीय स्पिनरों ने अब तक विपक्षी टीमों को परेशान किया है.
ऐसे में पाकिस्तान के खिलाफ होने वाले मुकाबले में भी भारतीय टीम का पलड़ा भारी माना जा रहा है. हालांकि, भारत-पाकिस्तान मैच में आंकड़ों से ज्यादा दबाव और उस दिन का प्रदर्शन मायने रखता है. इसलिए पाकिस्तान को हल्के में लेना टीम इंडिया के लिए बड़ी गलती हो सकती है.
दोनों टीमों की संभावित प्लेइंग-11
भारत: स्मृति मंधाना, शेफाली वर्मा, प्रतिका रावल, हरमनप्रीत कौर (कप्तान), भारती फुलमाली, ऋचा घोष (विकेटकीपर), दीप्ति शर्मा, प्रेमा रावत, नंदिनी शर्मा/रेणुका ठाकुर, श्री चरणी, क्रांति गौड़.
पाकिस्तान: मुनीबा अली (विकेटकीपर), शावल जुलफिकर, गुल फिरोजा, आयशा जाफर, सदाफ शमास, फातिमा सना (कप्तान), एयमान फातिमा, उम-ए-हानी, तुबा हसन, नाशरा संधू, सादिया इकबाल.