वेस्टइंडीज की क्रिकेट टीम इस समय भारत के दौरे पर है. कैरेबियाई टीम को इस दौरे पर तीन वनडे और पांच टी20 मैचों की सीरीज खेलनी है. वनडे सीरीज की शुरुआत रविवार, 27 सितंबर से हो रही है.
आपको यह जानकर हैरानी हो सकती है कि वेस्टइंडीज की टीम ने पिछले 24 सालों से भारत में कोई भी वनडे सीरीज नहीं जीती है. वेस्टइंडीज ने आखिरी बार साल 2002 में भारतीय जमीन पर वनडे सीरीज जीती थी. हालांकि, टीम के मुख्य कोच डैरेन समी को उम्मीद है कि उनकी टीम इस बार इस लंबे इंतजार को खत्म करने में कामयाब रहेगी.
कोच डैरेन समी ने क्या कहा?
कोच डैरेन समी का मानना है कि यह सीरीज उनकी टीम के लिए इतिहास बदलने का एक बहुत बड़ा मौका है. भारत को उसकी घरेलू परिस्थितियों में हराना कितना बड़ा चैलेंज है, इस बात का जिक्र करते हुए समी ने कहा, ‘भारत दुनिया की नंबर-1 टीम है और उनके खिलाफ भारत में खेलना हमेशा ही रोमांचक होता है. हमें यहां सीरीज जीते हुए 24 साल हो चुके हैं. इसलिए हमारी टीम के लिए यह खुद को आजमाने और यह देखने का शानदार मौका है कि हमारी टीम विश्व क्रिकेट में कहां खड़ी हैं.’
वेस्टइंडीज के लिए क्यों बेहद खास है यह सीरीज?
वेस्टइंडीज की टीम 2027 में होने वाले वनडे वर्ल्ड कप के लिए सीधे क्वालीफाई नहीं कर पाई है. अब उन्हें अगले साल क्वालीफायर मुकाबले खेलने होंगे. ऐसे में वर्ल्ड कप की तैयारियों और टीम के मनोबल के लिहाज से भारत के खिलाफ यह सीरीज बेहद जरूरी है. हालांकि, भारत को उसके घर में हराना किसी भी टीम के लिए आसान नहीं रहा है, इसलिए वेस्टइंडीज के लिए यह सफर काफी चुनौतीपूर्ण होगा.
भारत बनाम वेस्टइंडीज वनडे सीरीज शेड्यूल
- 27 सितंबर: पहला वनडे – भारत बनाम वेस्टइंडीज
- 30 सितंबर: दूसरा वनडे – भारत बनाम वेस्टइंडीज
- 3 अक्टूबर: तीसरा वनडे – भारत बनाम वेस्टइंडीज