IND VS NZ: न्यूजीलैंड के खिलाफ पांच मैचों की टी20I सीरीज का आगाज आज 22 अक्टूबर से होने वाला है. भारतीय विकेटकीपर-बल्लेबाज ईशान किशन तीन बड़े रिकॉर्ड पहले ही मुकाबले में अपने नाम कर सकते हैं. यह मुकबला क्राइस्टचर्च में खेला जाएगा, जहां बिहार के लाल इतिहास रच सकते हैं. ईशान किशन एक कैलेंडर ईयर में किसी भी भारतीय द्वारा सबसे ज्यादा टी20ई रन बनाने वाले बल्लेबाज बन सकते हैं. उन्हें इस रिकॉर्ड को बनाने के लिए सिर्फ 7 रन बनाने होंगे. बता दें कि अभी ये रिकॉर्ड भारत के पूर्व टी20 कप्तान सूर्यकुमार यादव के नाम है. सूर्यकुमार ने साल 2022 में टी20I में 1164 रन बनाए थे. ईशान ने इस साल अब तक 34 पारियों में 1158 रन अपने नाम कर लिए हैं. इस दौरान उनका एवरेज 37.35 रहा, वहीं उनका स्ट्राइक रेट 172.06 है, जिसमें एक शतक और 7 अर्धशतक शामिल है. ये आकड़े बताते हैं कि ये साल ईशान किशन के लिए अब तक बेहतरीन रहा है.
रिजवान को पीछे छोड़ने का मौका
इसके अलावा ईशान पाकिस्तान के स्टार बल्लेबाज मोहम्मद रिजवान के ऐतिहासिक रिकॉर्ड को भी अपने नाम कर सकते हैं. वह मोहम्मद रिजवान के एक कैलेंडर साल में टेस्ट खेलने वाले किसी भी देश के बल्लेबाज द्वारा सबसे ज्यादा T20I रन बनाने के रिकॉर्ड को अपने नाम कर सकते हैं. रिजवान ने साल 2021 में 1,326 रन बनाए थे. इशान को यह मुकाम हासिल करने के लिए 139 रन और चाहिए. अगर वह न्यूजीलैंड के खिलाफ अच्छी बल्लेबाजी करते हैं, तो वह यह रिकॉर्ड भी हासिल कर सकते हैं.
एक साल में 2000 T20 रन
ईशान किशन इंटरनेशनल T20 क्रिकेट में 2,000 रन पूरे करने से सिर्फ 46 रन दूर हैं. वह ऐसा करने वाले सातवें भारतीय बल्लेबाज बन जाएंगे. उन्होंने अब तक 66 मैचों में 31.51 की औसत और 148.81 के स्ट्राइक रेट से 1,954 रन बनाए हैं, जिसमें एक शतक और 13 अर्धशतक शामिल हैं.
ऐसा करने वाले पहले भारतीय बल्लेबाज
इंटरनेशनल क्रिकेट से परे, इशान के नाम एक और बड़ा रिकॉर्ड है. वह एक कैलेंडर साल में कुल 2,000 टी20 रन बनाने वाले पहले भारतीय बल्लेबाज बनने से 240 रन दूर हैं. उन्होंने इस साल 49 T20I मैचों में 38.26 की औसत और 175 से ज़्यादा के स्ट्राइक रेट से 1,760 रन बनाए हैं. अब तक सिर्फ़ वेस्टइंडीज़ के निकोलस पूरन (2024 में 2,331 रन) और रिज़वान (2021 में 2,036 रन) ही इस आंकड़े को पार कर पाए हैं. न्यूज़ीलैंड के ख़िलाफ़ पाँच T20I और दिसंबर में श्रीलंका के ख़िलाफ़ तीन मैचों की सीरीज़ के साथ, ईशान किशन के पास साल खत्म होने से पहले रिकॉर्ड तोड़ने के कई मौके हैं.