Pakistan Cricket Team: पाकिस्तान क्रिकेट में कब क्या हो जाए, कोई नहीं जानता. हाल ही में इंग्लैंड दौरे पर पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने एक बड़ा फैसला लेते हुए टीम से अचानक सात खिलाड़ियों को निकाल दिया. टीम के हेड कोच और बॉलिंग कोच को भी उनके पदों से हटा दिया गया. इस बीच, पाकिस्तान T20 टीम की कप्तानी में एक बड़ा बदलाव होने वाला है. पाकिस्तान के हेड कोच माइक हेसन ने इशारा किया है कि साहिबज़ादा फरहान, सलमान अली आगा की जगह पाकिस्तान के नए T20 कप्तान बन सकते हैं. रिपोर्ट्स के मुताबिक, साहिबज़ादा फरहान को श्रीलंका के खिलाफ घरेलू T20 सीरीज में टीम की कप्तानी दी जा सकती है.
कौन होगा पाकिस्तान का नया T20 कप्तान?
पाकिस्तान क्रिकेट टीम में लगातार बदलाव हो रहे हैं. T20 वर्ल्ड कप 2026 में शर्मनाक हार के बाद, साहिबज़ादा फरहान को एशियन गेम्स 2026 के लिए पाकिस्तानी टीम का कप्तान बनाया गया है. पाकिस्तानी टीम 28 अक्टूबर को क्वार्टर फाइनल में अपने एशियन गेम्स कैंपेन की शुरुआत करेगी. इससे पहले, पाकिस्तान के हेड कोच माइक हेसन ने इशारा किया था कि साहिबज़ादा एशियन गेम्स के बाद फुल-टाइम T20 कैप्टन बन सकते हैं.
मीडिया से बात करते हुए, हेसन ने कहा, “एशियन गेम्स साहिबज़ादा फरहान के लिए कप्तानी का अनुभव हासिल करने का एक अच्छा मौका है. भविष्य में वह T20 कैप्टन होंगे या नहीं, यह फैसला सिलेक्शन कमिटी और PCB चेयरमैन लेंगे.” इस बीच, पाकिस्तानी मीडिया आउटलेट जियो न्यूज़ ने बताया कि साहिबज़ादा को श्रीलंका के खिलाफ घरेलू सीरीज़ के लिए पाकिस्तान के T20I कैप्टन के तौर पर बने रहने का ऑफर दिया गया है.
सलमान आगा का खराब प्रर्दशन
2026 T20 वर्ल्ड कप में खराब प्रदर्शन के बाद से सलमान अली आगा की कप्तानी खतरे में है. सलमान आगा की कप्तानी में पाकिस्तानी टीम का प्रदर्शन बेहद निराशाजनक रहा है. उनकी कप्तानी में पाकिस्तान T20 वर्ल्ड कप के सुपर 8 स्टेज से बाहर हो गया था, और भारत के खिलाफ शर्मनाक हार भी झेलनी पड़ी थी.
इस बीच, PSL 2026 में बल्ले से अच्छा परफॉर्म न कर पाने के बाद, सलमान ने T20 इंटरनेशनल क्रिकेट छोड़ने और लंबे फॉर्मेट पर फोकस करने के संकेत दिए हैं. वह इंग्लैंड टूर के दौरान पाकिस्तान वापस बुलाए गए सात खिलाड़ियों में से एक थे. अब, ऐसा लगता है कि वह T20 टीम की कप्तानी भी खो रहे हैं.