Captain Shreyas Iyer: श्रेयस अय्यर की कप्तानी में भारतीय टीम को अपनी पहली जीत हासिल करने में 8 मैच लगे. जिम्बाब्वे के खिलाफ पहले टी20 मैच में श्रेयस अय्यर ने बतौर कप्तान पहली जीत का स्वाद चखा. हालांकि भले ही अय्यर को पहला मैच जीतने के लिए लंबे समय का इंतजार करना पड़ा, लेकिन वे टॉस जीतने के मामले में काफी लकी रहे. दरअसल, कप्तान बनने के बाद श्रेयस अय्यर ने 8 मैच खेले हैं. आपको जानकर हैरानी होगी कि इन 8 मैचों में एक भी बार श्रेयस अय्यर टॉस नहीं हारे हैं. अब उनके पास दूसरे टी20 मैच में भी टॉस जीतकर इतिहास रचने का सुनहरा मौका है. अगर अय्यर जिम्बाब्वे के खिलाफ दूसरे टी20 में भी टॉस जीत जाते हैं, तो वह 88 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ देंगे.
अय्यर के निशाने पर 88 साल पुराना रिकॉर्ड
भारत और जिम्बाब्वे के बीच दूसरा टी20 मुकाबला 25 जुलाई यानी शनिवार को हरारे स्पोर्ट्स क्लब में खेला जाएगा. अगर इस मुकाबले में कप्तान श्रेयस अय्यर टॉस जीतते हैं, तो वह 88 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ देंगे. दरअसल, दूसरे टी20 में टॉस जीतते ही श्रेयस अय्यर कप्तान के तौर पर अपने पहले 9 इंटरनेशनल मैचों में लगातार टॉस जीतने वाले दुनिया के पहले खिलाड़ी बन जाएंगे. इसी के साथ वह इंग्लैंड के वैली हैमंड का रिकॉर्ड तोड़ देंगे, जिन्होंने अपने शुरुआती 8 मुकाबलों में टॉस जीता था. फिलहाल श्रेयस अय्यर पहले 8 मैचों में लगातार टॉस जीत के साथ वैली हैमंड के रिकॉर्ड की बराबरी कर चुके हैं.
श्रेयस अय्यर का टॉस में दबदबा
श्रेयस अय्यर को पहली बार आयरलैंड और इंग्लैंड दौरे के लिए भारतीय टी20 टीम का कप्तान बनाया गया था. उन्होंने आयरलैंड में 2 मैचों में भारतीय टीम की कप्तानी की, जिसके बाद इंग्लैंड में 5 मैचों में टीम की कमान संभाली. इस दौरान उन्होंने किसी भी मैच में टॉस नहीं हारा. इसके बाद जिम्बाब्वे दौरे पर भी अय्यर ने पहले टी20 मैच में टॉस जीतकर नया रिकॉर्ड बना दिया. बता दें कि श्रेयस अय्यर मेंस T20I में कप्तान के तौर पर अपने पहले 8 मैचों में से हर एक में टॉस जीतने वाले पहले खिलाड़ी हैं. इस मामले में दूसरे नंबर पर बहामास के ग्रेगरी टेलर हैं, जिन्होंने T20I में अपने पहले 7 टॉस जीते थे.
भारत ने जीता पहला मैच
भारत और जिम्बाब्वे के बीच 23 जुलाई से 3 मैचों की टी20 इंटरनेशनल सीरीज खेली जा रही है. सीरीज के पहले मैच में भारत ने जिम्बाब्वे को 7 विकेट से हराकर जीत दर्ज की. इसी के साथ टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में चला आ रहा भारतीय टीम के हार का सिलसिला भी टूट गया. अब भारतीय टीम दूसरे टी20 में भी जीत दर्ज कर इस सिलसिले को आगे बढ़ाना चाहेगी.