तारिक ने कहा कि जब भी वह किसी बड़े बल्लेबाज का विकेट लेते हैं, तब उनके गेंदबाजी एक्शन पर चर्चा शुरू हो जाती है. उन्होंने कहा कि अगर अंपायर उन्हें गेंदबाजी करने की अनुमति दे रहे हैं, तो इसका मतलब है कि उनका एक्शन पूरी तरह वैध है. उन्होंने यह भी बताया कि उनके गेंदबाजी एक्शन को आईसीसी कई बार जांच कर सही ठहरा चुकी है. इसके बावजूद लगातार उठ रहे सवाल उन्हें परेशान करते हैं.
टी20 विश्व कप में भी रहे चर्चा में
आईसीसी टी20 विश्व कप 2026 के दौरान भी उस्मान तारिक अपनी अलग गेंदबाजी एक्शन की वजह से सुर्खियों में रहे. उस टूर्नामेंट में उन्होंने छह मैचों में 10 विकेट लिए और भारत के खिलाफ 1/24 का शानदार स्पेल भी डाला. उनकी गेंदबाजी में मौजूद खास ठहराव और बदलाव बल्लेबाजों के लिए चुनौती बनती हैं. भारतीय टीम ने भी उनके खिलाफ खेलने के लिए स्पेशल ट्रेनिंग की थी.
उस्मान तारिक ने बताया कि इंटरनेशनल लीग टी20 में दुबई के दौरान इंग्लैंड के बल्लेबाज टॉम बैंटन ने भी उनके गेंदबाजी एक्शन पर सवाल उठाए थे. उन्होंने कहा कि उस मैच में विकेट लेने के बाद उन्होंने अपनी बात साफ शब्दों में रखी थी. तारिक का मानना है कि अब इस तरह के आरोप बंद होने चाहिए. उन्होंने कहा कि आधुनिक टी20 क्रिकेट में स्पिनरों के लिए सफल होना आसान नहीं है. इसलिए वह अपनी गेंदबाजी में नई-नई विविधताओं पर लगातार मेहनत करते हैं और चाहते हैं कि उनके प्रदर्शन को उनके खेल के आधार पर आंका जाए, न कि बेवजह के विवादों से.